सिलसिलेवार सिलेंडर ब्लास्ट : उद्योगपति के दफ्तर और घर में लगी भीषण आग, 25 लाख का सामान जलकर खाक

उद्योगपति के दफ्तर और घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इससे करीब 25 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंची। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2022-12-11 07:31 GMT

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक उद्योगपति के दफ्तर और घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इससे करीब 25 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। हादसा शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मामला पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पद्मनाभपुर आवासीय कॉलोनी का है।

अग्निशमन और आपातकालीन सेवा दुर्ग के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पद्मनाभपुर चौकी अंतर्गत स्थित उद्योगपति डीसी लुनिया और सुनीता लुनिया के दुर्ग एजुकेशन के दफ्तर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम घटना स्थल पर पहुंची तो आग काफी फैल चुकी थी। फिर बड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि दफ्तर के पीछे एक किचन है। वहां 5 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसमें से एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इससे पहले की घर के लोग कुछ समझ पाते दूसरा सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया।

घर और दफ्तर अगल-बगल में

बता दें कि, उद्योगपति डीसी लुनिया दुर्ग के छत्तीसगढ़ कॉलेज के डायरेक्टर और जाने माने उद्योगपति हैं। उनका घर और दफ्तर दोनों पद्मनाभपुर में अगल-बगल स्थित हैं। दो गैस सिलेंडर फटने से आग घर और दफ्तर में फैल गई। बताया जा रहा है कि इससे दफ्तर में रखे कई जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं और करीब 25 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है।

हो सकती थी बड़ी दुर्घटना

फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने बताया कि, जिस किचन में सिलेंडर फटा वहां 5 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग के संपर्क में आने से दो सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। दमकल कर्मियों ने बचे हुए तीन सिलेंडर को सबसे पहले बाहर निकाला। यदि वो न निकाले जाते तो उनमें भी विस्फोट जाता और घटना और बड़ी हो सकती थी। फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। देखिए वीडियो- 


Tags:    

Similar News