प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने सीएम को घेरा : कहा-जांच पूरी होने से पहले ही भ्रष्टाचारियों को क्लीन चिट क्यों दे रहे हैं
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भ्रष्टाचारी छत्तीसगढ़ को दीमक की तरह चट कर रहे हैं और मुख्यमंत्री अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वाह करने की जगह भ्रष्टाचार के रक्षक बनकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने और क्या कहा है.. पढ़िए...;
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर केन्द्रीय एजेंसियों के काम में अड़ंगेबाजी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि, वे भ्रष्टाचार की जांच पूरी होने के पहले ही भ्रष्टाचारियों को क्लीनचिट देकर भ्रष्टाचार को समर्थन व संरक्षण दे रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि, वर्ष 2020 के छापे के संदर्भ में कार्रवाई हेतु आईटी की पीडीआईटी इकाई दिल्ली ने जानकारी राज्य सरकार को भेजी थी। आज तक छत्तीसगढ़ सरकार ने कोई कार्यवाही नहीं की। बल्कि छापे का विरोध करते हुए लगभग पूरे मंत्रिमंडल ने राजभवन जाकर आपत्ति व्यक्त की थी। जबकि उस छापे में करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी गई थी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भ्रष्टाचारी छत्तीसगढ़ को दीमक की तरह चट कर रहे हैं और मुख्यमंत्री अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वाह करने की जगह भ्रष्टाचार के रक्षक बनकर सामने आ रहे हैं। भ्रष्टाचारियों के बचाव में उनका आगे आना अनैतिक है और यह जाहिर हो रहा है कि दाल में काला नहीं, बल्कि यहां तो पूरी दाल ही काली है।