सभी विधानसभा की माथुर ने लिखित में ली रिपोर्ट, महामंत्रियों की ली क्लास

हरिभूमि रायपुर समाचार: प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने मिशन-2023 को लेकर शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जहां विधानसभाओं के प्रभारियों की बैठक लेकर उनसे एक-एक विधानसभा की लिखित में रिपोर्ट ली, वहीं एक बार फिर से महामंत्रियों की क्लास ली। दो दिनों में 16 घंटों तक महामंत्रियों के साथ प्रदेश प्रभारी मंथन कर चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...;

Update: 2023-04-30 01:29 GMT

हरिभूमि रायपुर समाचार: प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने मिशन-2023 को लेकर शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जहां विधानसभाओं के प्रभारियों की बैठक लेकर उनसे एक-एक विधानसभा की लिखित में रिपोर्ट ली, वहीं एक बार फिर से महामंत्रियों की क्लास ली। दो दिनों में 16 घंटों तक महामंत्रियों के साथ प्रदेश प्रभारी मंथन कर चुके हैं। प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करके विधानसभा चुनाव के लिए कई विषयों पर बात की गई।

श्री माथुर छह दिनों के प्रदेश प्रवास पर आए हैं। बस्तर से एक दिन पहले लौटने पर जहां शुक्रवार को उन्होंने महामंत्रियों की दो बार 6-6 घंटों तक बैठक ली, वहीं एक बार फिर से शनिवार को सुबह से ही महामंत्रियों की चार घंटों तक क्लास ली। महामंत्रियों से मिशन-2023 को लेकर एक-एक जानकारी ली जा रही है। इसी के साथ प्रदेश संगठन में क्या चल रहा है, उसका भी पूरा फीडबैक ले रहे हैं। प्रदेश सरकार की हर गतिविधि की भी प्रदेश प्रभारी ने जानकारी ली है।

प्रदेश पदाधिकारियों की भी क्लास

प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने प्रदेश पदाधिकारियों की भी क्लास ली। इसमें भी मिशन-2023 पर ही चर्चा की गई। सबसे जानकारी ली गई कि क्या-क्या योजना बनी है। इसी के साथ प्रदेश में इस समय जो राजनीतिक हालात हैं, उसकी भी जानकारी ली गई। प्रदेश प्रभारी को बिरनपुर की घटना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। आने वाले समय में क्या-क्या आंदोलन किए जाने हैं, उसकी भी जानकारी दी गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे, धरमलाल कौशिक, गौरीशंकर अग्रवाल, विष्णु देव साय, विक्रम उसेंडी, महामंत्री संगठन पवन साय, विजय शर्मा, केदार कश्यप, ओपी चौधरी उपस्थित थे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया, बैठक में अगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अनेकों महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड को लेकर प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी ली गई।

प्रभारियों ले ली पूरी रिपोर्ट

भाजपा ने सभ 90 विधानसभाओं के लिए प्रभारी बनाए हैं। इनको विधानसभा का दौरा करके रिपोर्ट बनाने के लिए कहा गया था। श्री माथुर ने एक-एक प्रभारी से जहां वन-टू-वन बात की, वहीं सभी से लिखित में रिपोर्ट ली है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही विधानसभाओं का भविष्य तय होगा। हर विधानसभा से कई सुझाव भी आए हैं। इन सुझावों पर पार्टी देखेगी कि क्या करना है।

Tags: