केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभा में 50 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट पर कांग्रेस की सांसद ज्योत्सना महंत ने पिछली बार अपना परचम लहराया था। भाजपा ने इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ की उन दो सीटों पर भी फोकस किया है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं।;
रायपुर। छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट पर कांग्रेस की सांसद ज्योत्सना महंत ने पिछली बार अपना परचम लहराया था। भाजपा ने इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ की उन दो सीटों पर भी फोकस किया है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री अमित शाह कोरबा में महंत का गढ़ भेदने के लिए आ रहे हैं। उनकी कोरबा में एक बड़ी सभा होगी, जिसमें 50 हजार से ज्यादा लोगों को जुटाने की तैयारी भाजपा ने की है। चार जिलों के बूथों, मंडलों से लेकर जिलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ आमजन भी सभा में शामिल होंगे। इसको लेकर प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने मोर्चा संभाला है।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने मिशन-2024 को लेकर अभी से तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसके लिए भाजपा ने देश की 144 ऐसी सीटों को चिन्हित किया है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। इन सीटों पर जीत की रणनीति बनाई गई है और केंद्रीय मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय नेताओं को इन सीटाें का दौरा करने का जिम्मा दिया गया है। इसी कड़ी में कोरबा लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह का दौरा तय किया गया है। श्री शाह को भाजपा में बड़ा रणनीतिकार माना जाता है।
उनके कोरबा आगमन को लेकर माना जा रहा है कि कोरबा में भाजपा पूरी ताकत झोंकेगी और 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर कब्जा करने के लिए हर रणनीति बनाई जाएगी। श्री शाह लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे तो इस दौरान वे सीट को जीतने का मंत्र भी बताएंगे।
रायपुर आकर जाएंगे
श्री शाह का पहले बिलासपुर से कोरबा जाने का कार्यक्रम था। बिलासपुर का विमानतल छोटा होने के कारण उनके विमान का वहां पर उतरना संभव नहीं है, इसलिए अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। श्री शाह रायपुर आकर यहां से हेलीकाप्टर द्वारा काेरबा जाएंगे।
शाह की होगी सभा
श्री साव ने कहा, हमारे देश के गृहमंत्री अमित शाह का आगमन ऊर्जा नगरी कोरबा में होने जा रहा है। वे 7 जनवरी को कोरबा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और मां सर्वमंगला से आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद कोरबा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी वे लेने वाले हैं। उन्होंने बताया, श्री शाह सीएसईबी के हैलीपेड पर उतरने के बाद मां सर्वमंगला के दर्शन के लिए जाएंगे और वहां से स्टेडियम पहुंचकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही सभा के बाद पंचवटी में कोरबा लोकसभा के पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। कोरबा में होने वाली सभा के लिए चार जिलों कोरबा, कोरिया, मरवाही, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के पदाधिकारियों को जिम्मा दिया गया है। इन जिलों के पदाधिकारी अपने जिलों के बूथ और मंडलों के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को लेकर सभा में पहुंचेंगे।
बस्तर आएंगे गिरिराज सिंह
छत्तीसगढ़ की एक और लोकसभा सीट बस्तर में भी भाजपा के सांसद नहीं हैं। यहां के दौरे के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री गिरिराज सिंह का आना तय किया गया है। अभी इसकी तिथि तय नहीं है, जल्द ही उनका भी दौरा कार्यक्रम भी तय होगा। यहां पर भी भाजपा की एक बड़ी सभा और अन्य कार्यक्रम होंगे।