घर में घुसे चोरों ने महिला को जमकर पीटा : चोरों की खटर-पटर से जाग उठी महिला, शोर मचाना चाहा तो मुंह पर कपड़ा बांधकर कर दी पिटाई
महिला की शिकायत है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर चोरी और मारपीट की है। महिला उस वक्त घर में सो रही थी। इसी दौरान उनके घर में कुछ हल्ला हुआ। इस पर उनकी नींद खुल गई। नींद खुलने पर वह जब कमरे से बाहर आईं। इसके बाद उन्होंने देखा कि कुछ लोग अंदर रखा सामान चुरा रहे थे। पढ़िए पूरी खबर...;
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में घर घुसकर चोरी करने की वारदात सामने आई है। यहां ये आरोपी महिला के घर में चोरी करने की मकसद से घुसे थे। इसी दौरान महिला उठ कर कमरे से बाहर आई थी। चोरी करते देख महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने महिला के मुंह पर कपड़ा बांध कर उसे पीटा। बाद में इसकी शिकायत महिला ने पुलिस से की। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला डबरा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल डबरा थाना क्षेत्रान्तर्गत किरारी बाजार पारा निवासी भारती पटेल ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी महिला किरारी में टीचर के रूप में पदस्थ हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उसके घर में घुसकर चोरी और उससे मारपीट की है। घटना 12 सितंबर की रात ही है। उस वक्त वह घर में सो रही थी। इसी दौरान उनके घर में कुछ हल्ला हुआ। इस पर उनकी नींद खुल गई। नींद खुलने पर वह जब कमरे से बाहर आईं। इसके बाद उन्होंने देखा कि कुछ लोग अंदर रखा सामान चुरा रहे थे।
कई दिनों तक नहीं चला आरोपियों का पता
घर में चोरी करते हुए देख महिला ने इसका विरोध किया तो पांचों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद महिला के चेहरे और मुंह को कपड़े से बांध दिया और पीटने लगे। इस पर महिला चिल्लाने लगी, लेकिन आरोपी नहीं मानें। इसके बाद घर के अंदर रखा मोबाइल और कुछ सामान लूट कर ले गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर लूट का केस मामले की जांच शुरू की। कई दिनों तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया था।
महिला के घर के आस-पास घूमते दिखे कुछ लोग
इस बीच पुलिस ने लगातार सीसीटीवी की जांच की, जिसके बाद घटना वाले ही दिन CCTV में कुछ लोग महिला के घर के आस-पास घूमते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर 5 लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद पांचो से सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।