यह मात्र धर्मांतरण नहीं, आदिवासी संस्कृति पर आक्रमण है : डी. पुरंदेश्वरी
धर्मांतरण सिर्फ धर्मांतरण नहीं है, बल्कि यह आदिवासी संस्कृति पर आक्रमण है। यह बात छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश संगठन प्रभारी व भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय नेता डी पुरंदेश्वरी ने आज यहां एक पत्रकारवार्ता में कही। छत्तीसगढ़ की मौजूदा कांग्रेस सरकार की नाकामी और उस नाकामी के जवाब में बतौर विपक्षी भाजपा की उपलब्धियां और तैयारी की जानकारी देते हुए पुरंदेश्वरी ने बेरोजगारी, सुरक्षा, गरीबी जैसे तमाम मसलों के साथ धर्मांतरण पर भी प्रतिक्रिया दी है। पढ़िए पूरी खबर-;
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने भूपेश सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल है। वह अपने सहयोगियां के साथ न्याय नहीं कर पाते, जनता के साथ क्या न्याय करेंगे। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ढाई साल का वायदा जिससे किया था, वह पूरा नहीं हुआ। वो अपने से ही किया वायदा नहीं निभा पाए, जनता से क्या निभाएंगे। बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, गरीओं का हित…सब भूल चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा, वे खुद को किसान पुत्र कहते हैं पर बीज तक किसान को नहीं दिला पाते। हर चीज के लिए केन्द्र को जिम्मेदार ठहराकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश करते हैं। प्रदेश भाजपा के विषय में बात करते हुए डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि हम सक्रिय हैं। वर्तमान सरकार से जनता दुखी और खिन्न है। भाजपा एक मात्र विकल्प बनकर सामने आ रही है। उन्होंने धर्मांतरण के मुददे को भी उठाते हुए कहा कि यह चिंताजनक विषय है। यह राज्य की आदिवासी संस्कृति पर आक्रमण है।