AICC अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग खत्म : छत्तीसगढ़ में पड़े 300 मत, मतपेटियां कल ले जाई जाएगी दिल्ली, 19 अक्टूबर को काउंटिंग

राज्य के 307 डेलीगेट्स के लिए प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में बूथ बनाया गया था। इसमें कुल 300 वोट पड़े। चुनाव अधिकारी सहित कुछ आल इंडिया कांग्रेस कमेटी डेलीगेट के वोट भी पड़े। वहीं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल 6 लोगों के वोट कर्नाटक के वेल्लारी में पड़े हैं, जबकि 5 डेलीगेट्स अनुपस्थित रहे। अब मतपेटी दिल्ली ले जाई जाएगी। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2022-10-17 11:58 GMT

रायपुर। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए सोमवार को मतदान हुआ। छत्तीसगढ़ में भी वोटिंग खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम समेत कई बड़े नेताओं ने मतदान किया। राज्य के 307 डेलीगेट्स के लिए प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में बूथ बनाया गया था। इसमें कुल 300 वोट पड़े। चुनाव अधिकारी सहित कुछ आल इंडिया कांग्रेस कमेटी डेलीगेट के वोट भी पड़े। वहीं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल 6 लोगों के वोट कर्नाटक के वेल्लारी में पड़े हैं, जबकि 5 डेलीगेट्स अनुपस्थित रहे। अब मतपेटी दिल्ली ले जाई जाएगी।

19 अक्टूबर को होगी मतों की गणना

मतदान की प्रक्रिया पूरी होने एक बाद प्रदेश निर्वाचन अधिकारी हुसैन दलवई और पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में मत पेटियां सील की गई। PRO हुसैन दलवई मतपेटियां लेकर मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। pro दलवई ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हुई। इस चुनाव में प्रतिनिधि वोटरों को मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से किसी एक को चुनना है। इस चुनाव के बाद पार्टी को 24 से अधिक वर्षों में एक गैर-गांधी अध्यक्ष मिलना तय है। अब 19 अक्टूबर यानि बुधवार को मतों की गणना की जाएगी।

मुख्यमंत्री समेत मंत्री और विधायकों ने किया मतदान

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बघेल करीब 11:10 बजे राजीव भवन पहुंचे। उसी बीच मंत्री रविंद्र चौबे, कवासी लखमा, रुद्र कुमार गुरु, डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, अंबिका सिंहदेव, ममता चंद्राकर आदि मंत्री विधायक भी प्रदेश पदाधिकारी भी मतदान के लिए पहुंचे। मतदान के बाद मुख्यमंत्री और उनके मंत्री कैबिनेट बैठक के लिए निकल गए थे। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि यह मतदान कांग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के मजबूती का प्रमाण है। अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों में से कोई भी वोट मांगने रायपुर नहीं पहुंचा है। फोन पर ही नेताओं से बातचीत हुई है। खड़गे की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण सिंघानिया, महामंत्री अर्जुन तिवारी, अरुण सिसौदिया और सुमित्रा घृतलहरे को पोलिंग एजेंट बनाया गया।

मतदान केंद्र राजीव भवन में

उमर हुसैन दलवई प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी मतपेटी और मतपत्रों को लेकर रविवार शाम को रायपुर पहुंचे थे। मतदान सामग्री को राजीव भवन के एक कमरे में सील कर रखा गया था। सुशील आनंद शुक्ला कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख का कहना है कि मतदान केंद्र राजीव भवन के मीटिंग हाल में बनाया गया है। सभी 307 डेलीगेट्स में पार्टी के लोगों ने मतदान कर लिए हैं। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतिनिधि के अलावा किसी को बूथ के भीतर जाने की इजाजत नहीं दी गई थी। 

Tags:    

Similar News