कोर्ट परिसर में महिला ने डॉक्टर पति को जड़ा तमाचा, थाने में दर्ज कराई शिकायत
परिवार न्यायालय में शनिवार को उस समय अचानक गहमागहमी का माहौल निर्मित हो गया, जब एक महिला ने अपने डॉक्टर पति के गाल पर लोगों की मौजूदगी में तमाचा जड़ दिया।;
रायपुर। परिवार न्यायालय में शनिवार को उस समय अचानक गहमागहमी का माहौल निर्मित हो गया, जब एक महिला ने अपने डॉक्टर पति के गाल पर लोगों की मौजूदगी में तमाचा जड़ दिया। पत्नी द्वारा थप्पड़ मारे जाने से हैरान डॉक्टर ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पुलिस के मुताबिक आयुष संचनालय में होम्यो चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी पत्नी किरण के खिलाफमारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है। डॉ. शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका पत्नी के साथ परिवार न्यायालय में वर्ष 2018 से प्रकरण चल रहा है, उसी की पेशी में वे कोर्ट गए थे। इस दौरान दोनों अपने वकीलों से बात कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर डॉक्टर की पत्नी तैश में आ गई और अपने पति के गाल पर तमाचा जड़ दिया। इस वजह से महिला के पति के गाल पर लाल निशान पड़ गए और गाल सूज गया। जानकारी के मुताबिक महिला अपने सास-ससुर से अलग अपने पति के साथ रहना चाहती है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। इसी मामले को लेकर दोनों की कोर्ट में पेशी थी।