कोरिया में मनाया गया महिला दिवस, बुजुर्ग महिला का पैर धोकर किया सम्मान
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन बहनों व स्वच्छता दीदियों का सम्मान मनेंद्रगढ़ पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल व महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता सिंह ने किया। पढ़िए पूरी खबर-;
कोरिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोरिया जिले के खड़गवां में महिला कांग्रेस द्वारा नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष व चिरमिरी नगर निगम की पार्षद बबीता सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन बहनों व स्वच्छता दीदियों का सम्मान मनेंद्रगढ़ पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल व महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कोरोना काल में बेहतर कार्य करने वाली स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बबीता सिंह ने खड़गवां की सबसे बुजुर्ग महिला के पैर धोकर व साल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। हर साल की तरह इस साल भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूरे जिले भर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में ग्राउंड लेवल में काम करने वाली महिलाओं का सम्मान महिला जनप्रतिनिधियों के हाथों किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता सिंह ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार द्वारा महिला हितों के लिए चलाए जा रहे योजनाएं नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आधी आबादी को ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।