आदमपुर उप चुनाव : BJP के स्टार प्रचारकों की सूची जारी, पूर्व मंत्रियों व सांसदों के साथ 35 सियासी नेताओं को जिम्मेदारी, विधायकों के नाम नहीं
विधायकों के नाम इस सूची में नहीं हैं। पूर्व मंत्रियों में सिर्फ रामबिलास शर्मा, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और मनीष ग्रोवर को स्टार प्रचारक बनाया गया है।;
चंडीगढ़। भाजपा ने हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। 35 नेताओं के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं। भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के पिता कुलदीप बिश्नोई का नाम इस सूची में 32वें नंबर पर है।
केंद्रीय मंत्री, राज्य के मंत्री और सांसदों के नाम
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी सूची में हरियाणा से संबंध रखने वाले सभी केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों और सांसदों को स्टार प्रचारक बनाते हुए भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई को चुनाव जिताने की जिम्मेदारी सौंपी है। विधायकों के नाम इस सूची में नहीं हैं। पूर्व मंत्रियों में सिर्फ रामबिलास शर्मा, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और मनीष ग्रोवर को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
भाजपा प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बताया कि सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल, समाज कल्याण राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, सांसद नायब सिंह सैनी, राज्यसभा सदस्य कृष्ण पंवार, सांसद रमेश कौशिक, धर्मबीर सिंह, संजय भाटिया, सुनीता दुग्गल, बृजेंद्र सिंह, डा. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स, रामचंद्र जांगड़ा और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई भी पार्टी के स्टार प्रचार बनाए हैं। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र राजू, सांसद मनोज तिवारी और पूर्व राज्यसभा सदस्य दुष्यंत कुमार गौतम को भी पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अनुसार जननायक जनता पार्टी इस उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची अलग से जारी करेगी।