हरियाणा : रुपयों का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाने का प्रयास, पादरी समेत 3 गिरफ्तार

हिंदू संगठनों के सदस्यों को सूचना मिली थी कि बैंक कॉलोनी में एक चर्च का पास्टर सलातीत महसी अपने दो अन्य साथियों के साथ हिंदू लड़की को ईसाई धर्म परिवर्तन करने के लिए उकसा रहा है और हिंदू धर्म के प्रति भड़का रहा है।;

Update: 2021-12-16 11:38 GMT

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर

यमुनानगर में हिंदू धर्म की लड़की को बहला फुसलाकर और रुपयों का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने का प्रयास करने पर पुलिस ने चर्च ऑफ क्राइस्ट के पास्टर सलातीत महसी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक गत बुधवार देर शाम हिंदू संगठनों के सदस्यों को सूचना मिली थी कि बैंक कॉलोनी में एक चर्च का पास्टर सलातीत महसी अपने दो अन्य साथियों के साथ हिंदू लड़की को ईसाई धर्म परिवर्तन करने के लिए उकसा रहा है और हिंदू धर्म के प्रति भड़का रहा है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के दर्जनों सदस्य पंडित उदयवीर शास्त्री व सूरज प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गए और आरोपित पास्टर सलातीत महसी द्वारा लड़की को उकसाए जाने के लिए विरोध करने लगे।

जिस पर आरोपित हिंदू संगठनों के साथ कहासुनी करने लगे। इसके बाद हिंदू संगठनों के लोग संबंधित थाना में पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित चर्च के पास्टर सलातीत महसी व कर्ण और उनके एक अन्य साथी को पकड़ लिया और उनके खिलाफ धारा 295, 295 ए, 298 व 506 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।

हिंदू धर्म के खिलाफ चल रही है साजिश

हिंदू संगठन से जुड़े पंडित उदयवीर शास्त्री ने कहा कि हिंदू धर्म के खिलाफ एक बड़ी साजिश चल रही है। शहर की बैंक कॉलोनी में पहले भी एक स्कूल में हिंदू छात्र-छात्राओं को ईसाई धर्म अपनाने का पाठ पढ़ाया जा रहा था। इस दौरान भी हिंदू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया था। उन्होंने बताया कि पास्टर सलातीत महसी अपने साथियों के साथ मिलकर हिंदू धर्म के खिलाफ प्रचार प्रसार कर रहा था।

Tags: