Bhiwani : बाजरे की कटाई में लगे मजदूर की बेरहमी के साथ हत्या
- तेजधार हथियार से दिया गया वारदात को अंजाम
- मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सामान्य अस्पताल
;
Bhiwani : गांव दिनोद के खेतों में सुबह खेती के कार्य में लगे एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी। मृतक व्यक्ति बाजरे की फसल कटाई का कार्य करने के लिए रात को खेत में ही अपने तीन साथियों के साथ रूक गया था। तेजधार हथियार से उसके शरीर को गोदा गया तथा उसके साथ काम करने वाले तीन साथी खेत से फरार है। इस मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार गांव दिनोद निवासी चरणसिंह ने बताया कि वह अपने खेत में फसल कटाई को लेकर भानगढ़ गांव के निवासी मजदूर राजू उर्फ राजेश को ले गया था। मृतक राजेश ने अपने तीन अन्य साथियों को भी खेत में काम पर फसल कटाई के लिए रख लिया था। सुबह जब वह इन मजदूरों का खाना लेकर खेत में गया तो राजेश उर्फ राजू काे तेजधार हथियार से गोदा हुआ था तथा वह मृत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। उसके साथ कार्य में लगे तीन अन्य मजदूर, जो मृतक राजेश उर्फ राजू के ही साथी है, वे मौके से फरार थे। मृतक के परिजन धर्मबीर भाटी ने कहा कि मृतक राजेश के दो बच्चे है, जिनका पालन-पोषण करने वाला कोई नहीं है।
एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि इस घटना को लेकर मृतक राजेश उर्फ राजू के परिजनों ने मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने इस हत्या के पीछे मृतक राजेश के साथी गारनपुर निवासी राजेश उर्फ गोलिया व उसके दो अन्य साथियों को नामजद किया है। उनकी तलाश के बाद ही पता चल पाएगा कि राजेश उर्फ राजू की हत्या किसने की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें - मानवता हुई शर्मसार : शव को रौंदते रहे वाहन, टुकड़ों में हुआ तब्दील