सावधान! खतरनाक हो सकती हैं गैस गीजर की जहरीली गैस

दरअसल, गैस गीजर से निकलने वाले कार्बन मोनोऑक्साइड गैस खतरनाक होती है। गीजर से विषैली गैस निकलती है, इसलिए इसे खोलते ही बाथरूम में न जाएं। बाल्टी भर लें और गीजर बंद कर दें, इसके बाद नहाएं। चिकित्सकों के अनुसार दिल के मरीजों को गैस गीजर के इस्तेमाल से बचना चाहिए।;

Update: 2021-01-11 05:20 GMT

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़

ठंड के बढ़ते ही लोगों ने इससे बचने के लिए संसाधनों का उपयोग करना शुरू कर दिया है। नहाने के लिए गर्म पानी की जरूरत के चलते लोग गैस गीजर का उपयोग कर रहे हैं। बाजार में यह आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल बड़े ही सावधानी से करना चाहिए। एलपीजी से जुड़े गैस गीजर में सिलेंडर होता है। इसके शुरू होते ही इसमें जहरीली गैसें होती है। इसको पर्याप्त ऑक्सीजन की जरूरत होती है, लेकिन छोटे बाथरूम में यह नहीं मिलती, इसके चलते हादसा हो जाता है। इसी तरह गैस हीटर को भी घर पर चलाते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

दरअसल, गैस गीजर से निकलने वाले कार्बन मोनोऑक्साइड गैस खतरनाक होती है। गीजर से विषैली गैस निकलती है, इसलिए इसे खोलते ही बाथरूम में न जाएं। बाल्टी भर लें और गीजर बंद कर दें, इसके बाद नहाएं। चिकित्सकों के अनुसार दिल के मरीजों को गैस गीजर के इस्तेमाल से बचना चाहिए। डॉ. एसएल अरोड़ा बताते हैं कि गैस गीजर से होने वाले अधिकतर हादसों में लोग पहले बेहोश होते हैं। इसकी वजह कार्बन मोनोऑक्साइड है। यह रंगहीन गंधहीन होती है। जो सीधे दिमाग पर असर करती है और कई बार मौत का कारण बन सकती है। यह गैस आक्सीजन को खून तक पहुंचने की क्षमता को भी घटाती है। अक्सर ऐसे हादसे कम जगह वाले बाथरूम में होते हैं।

इलेक्ट्रानिक्स कारोबारी अरविंद के अनुसार सर्दी बढ़ते ही गीजर की डिमांड बढ़़ जाती है। लोग बिजली की खपत को देखते हुए गैस गीजर की डिमांड करते हैं। अब कई कंपनियों ने ऐसे गीजर भी बाजार में उतारे हैं, जिनमें हादसे की आशंका ना के बराबर है। दुकानदार तो डिमांड के अनुसार माल मंगाते हैं। इलेक्ट्रिक गीजर की तरह ही गैस गीजर और हीटर की डिमांड रहती है। बाजर में गैस गीजर की कई कंपनी और कई क्वालिटी मौजूद हैं। इसमें 950 रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक के गीजर बाजार में हैं। अलग अलग कंपनियां गैस गीजर से बचाव और उनसे नुकसान न होने का दवा भी कर रही हैं।

गैस गीजर से बचाव के तरीके

- गीजर बाथरूम के बाहर ही लगवाएं। यदि अंदर है तो बाथरूम में हवा आने-जाने का प्रबंध हो।

- गैस गीजर अगर अंदर हो तो कोशिश करें कि बाथरूम में जाने से पहले ही गीजर से पानी ले लें।

- गैज गीजर को एक बार में पांच मिनट से अधिक न चलाएं।

- बच्चों में बड़ों की अपेक्षा गैस चढ़ने का खतरा अधिक होता है। उनका ख्याल रखा जाए।

हादसा हो तो यह करें

- बाथरूम में बेहोश हुए व्यक्ति को तुरंत खुली हवा में लेकर आएं।

- बेहोशी की हालत में पड़े व्यक्ति को एक तरफ करवट कर लिटाएं।

- बेहोश व्यक्ति को कोई भी तरल पदार्थ न दें।

- एंबुलेंस का प्रबंध कर तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाएं।

- वेंटीलेटर की मदद के साथ ऑक्सीजन देने की जरूरत पड़ सकती है।

Tags: