लता मंगेशकर के निधन पर Cm Khattar और दुष्यंत चौटाला ने जताया शोक

सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट करते हुए लिखा भारत रत्न, स्वर कोकिला, आदरणीय लता मंगेशकर जी के निधन से बेहद स्तब्ध हूँ। दीदी के कर्णप्रिय सुर से वें हम सभी के मन में सदैव जीवंत रहेंगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।;

Update: 2022-02-06 05:12 GMT

Haryana : स्वर कोकिला लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के निधन पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर (Cm Manohar Lal Khattar) और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला (Deputy Chief Minister Dushyant Chautala) ने शोक जताया है। सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट करते हुए लिखा भारत रत्न, स्वर कोकिला, आदरणीय लता मंगेशकर जी के निधन से बेहद स्तब्ध हूँ। दीदी के कर्णप्रिय सुर से वें हम सभी के मन में सदैव जीवंत रहेंगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वर सम्राज्ञी, विलक्षण गायिका, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन गीत संगीत की दुनिया और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। हम जैसी कई पीढ़ियां उनके गाए हुए गीतों को गुनगुना कर बड़ी हुई हैं । बदलते समय और तकनीक के साथ भले ही संगीत के क्षेत्र में भी भारी बदलाव हुए हों, नए-नए गायक और गीत आए हों लेकिन लता दीदी की आवाज और उनके गाने आज भी कानों में रस घोलकर सीधे दिल में उतर जाते हैं। जब तक भारतीय गीत संगीत लोगों का मनोरंजन करेगा, तब तक उनकी आवाज भी सुनी जाती रहेगी । देश की लगभग हर भाषा में गीत गाकर उन्होंने अपनी आवाज के माध्यम से देशवासियों को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। वे एक सच्ची राष्ट्रवादी थीं। शारीरिक रूप से वे भले अब हमारे बीच नहीं होंगी लेकिन उनकी आवाज उन्हें हमेशा अमर रखेगी। मेरी परम पिता परमात्मा से विनती है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

वहीं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि महान गायिका लता मंगेशकर जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। भारतीय संगीत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वह अपने गानों के जरिए हमेशा हमारे साथ रहेंगी। उनकी आत्मा को शांति मिले।

 वहीं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा स्वर कोकिला, 'भारत रत्न' आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद उनका जाना देश एवं कला जगत की अपूरणीय क्षति है।पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

बता दें कि लता मंगेशकर जनवरी महीने में कोविड संक्रमित हुई थीं । तब से अस्पताल में भर्ती थीं।रविवार को उन्होंने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।

Tags: