जानलेवा बन रहे आवारा पशु : हिसार में बेसहारा गाय ने वृद्धा को उठाकर पटका, मौत

जिस गली में यह घटना हुई उसी गली में नगर पार्षद डॉ उमेश खन्ना का निवास भी है। नगर निगम एरिया में बेसहारा पशुओं के हमले से नागरिकों की हो रही मौत पर लोगों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।;

Update: 2022-07-18 04:14 GMT

हिसार : बेसहारा पशु शहर के लोगों के लिए लगातार काल साबित हो रहे हैं। रविवार की शाम 12 क्वार्टर एरिया में एक गाय ने पीछे से टक्कर मार कर एक वृद्ध महिला को घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार करीब 62 वर्षीय निर्मला 12 क्वार्टर एरिया में गली नंबर 11 में रहती है रविवार की शाम निर्मला अपने घर के पास गली में खड़ी थी। इस दौरान गली में बेसहारा घूम रही एक गाय ने निर्मला को पटक पटक कर मारा जिससे वह सिर के बल गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में आसपास के लोगों ने गाय को दूर भगाया और निर्मला को उसके चंगुल से छुड़वाया। वृद्धा के परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में ले गए। गाय के हमले से निर्मला को गंभीर चोटें लगी इसके चलते उपचार के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। 


बताया जाता है कि जिस गली में यह घटना हुई उसी गली में नगर पार्षद डॉ उमेश खन्ना का निवास भी है। नगर निगम एरिया में बेसहारा पशुओं के हमले से नागरिकों की हो रही मौत पर लोगों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। बता दें कि हिसार शहर को 2017 में कैटल फ्री भी घोषित किया जा चुका है इसके बावजूद शहर में 5000 से अधिक बेसहारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में 1 दर्जन से अधिक लोगों की बेसहारा पशुओं द्वारा टक्कर मारने से मौत हो चुकी है जबकि दर्जनों लोग घायल भी हो चुके हैं।

Tags: