हिसार में हुए लाठीचार्ज के विरोध में शम्भू टोल बैरियर पर किसानों ने लगाया जाम
किसानों का आरोप है कि सरकार किसानों की आवाज दबाकर उनके आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।;
अंबाला। हिसार में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में रविवार को शम्भू टोल बैरियर पर किसानों ने जाम लगा दिया। करीब 2 घंटे तक किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि सरकार किसानों की आवाज दबाकर उनके आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।किसान नेता जय सिंह जलबेहड़ा ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने निहत्थे किसानों पर जमकर लाठियां बरसाई। बुजुर्ग किसानों को भी नहीं बख्शा गया । उन्होंने कहा कि सुनियोजित योजना के तहत किसानों को निशाना बनाया गया है।
किसान नेता वजिन्दर सिंह कंबोज ने कहा कि ऐसे लाठीचार्ज से किसान कमजोर होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि ये किसान आंदोलन को कमजोर करने की साजिश है। किसान अपने मकसद से पीछे हटने वाले नहीं हैं। जाम के दौरान नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लग गया। कई परिवार जाम में फंसे रहे। इनमें कई बीमार लोग भी शामिल थे। किसानों साफ कहा कि 2 घंटे से पहले जाम नहीं खुलेगा। जाम के कारण ज़्यादातर लोगों की हालत खराब हो गई। हालांकि 2 घंटे बाद टोल बैरियर पर ट्रैफिक बहाल हो गया था।