पुलिस ने सालभर में 336 भगौड़ों को काबू कर जेल की सलाखों के पीछे भिजवाया
जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2022 की अवधि के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आए हैं।;
सिरसा। जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2022 की अवधि के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में जिला पुलिस की विभिन्न टीमों पीओ स्टाफ, सीआईए स्टाफ तथा जिला भर के थानों की विभिन्न पुलिस टीमों ने विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ो को महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए काबू कर संबंधी अदालत में पेश कर जेल की सलाखों के पीछे भिजवाया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2022 अवधि के दौरान 236 पीओ तथा 100 जंपर समेत करीब 336 भगोड़ो को काबू किया हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी चोरी, लूट, डकैती हत्या तथा अन्य अपराधिक वारदातों में वांछित थे। पुलिस अधीक्षक डॉ.अर्पित जैन ने बताया कि वर्ष 2022 की अवधि के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों के खिलाफ चलाया गया अभियान काफी सराहनीय रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के दौरान इस अभियान को और तेज किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में जिला के सभी थाना प्रभारियों, सीआईए, स्टाफ नारकोटिक्स सेल तथा पीओ स्टाफ को निर्देश दिए हैं, कि विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ो के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर उनकी धरपकड़ कर, संबंधित अदालतों में पेश किए जाए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्क 2022 की अवधि के दौरान जिला पुलिस ने 15 अपराधिक गैंगो का पर्दाफाश किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए गैंग के सदस्यों से पूछताछ कर पुलिस ने 53 मामलों की गुथी सुलझाई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए गैंग के सदस्यों की निशानदेही पर करीब 36 लाख रुपए की चोरीशुदा संपत्ति भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर तथा गैरकानूनी धंधा पर शिकंजा कसने के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है, इसलिए आमजन अपराध मुक्त समाज के लिए जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में बढ़-चढक़र भाग ले कर सहयोग करें।