सोनीपत के पॉश इलाके में चल रहा था हुक्का बार, दो युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से हुक्का, चिलम, पाइप, निकोटिन फ्लेवर तम्बाकू बरामद किया है। आरोपित संचालक सुमित निवासी फाजिलपुर मौके से फरार हो गया।;
हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सेक्टर-27 थाना पुलिस ने शहर के पॉश इलाके में अवैध रूप से चलाए जा रहे हुक्का बार पर रेड कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित गांव जाहरी निवासी मनीष व गढ़ी सिसाना निवासी जोगेंद्र हैं। पुलिस ने मौके से हुक्का, चिलम, पाइप, निकोटिन फ्लेवर तम्बाकू बरामद किया हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जमानत मिली गई। मामले में आरोपित संचालक सुमित निवासी फाजिलपुर मौके से फरार हो गया।
सेक्टर-27 थाना में नियुक्त एसआई रोहताश सोमवार रात को सेक्टर-14 में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर-15 मार्केट में हेलोविन कैफे के अंदर अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा है। बताया गया कि वहां ग्राहकों को खाना खिलाने के साथ ही बिना निकोटिन का हुक्का बताकर निकोटिन वाला तंबाकू हुक्के में मिलाकर पिलाते हैं। टीम ने मामले को लेकर ड्रग इंस्पेक्टर से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने बाहर होने की जानकारी दी। साथ ही तुरंत रेड करने को कहा। जिस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हुक्का बार पर रेड की। कैफे में कुछ युवक खाना खा रहे थे। वहीं हुक्का बार संचालक जाहरी का मनीष, फाजिलपुर का सुमित व उनका एक साथी गढ़ी सिसाना का जोगेंद्र हुक्का पी रहे थे।
वह युवकों को हुक्का पीने के लिए कह रहे थे। पुलिस ने वहां से मनीष व जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। सुमित वहां से निकल गया। पुलिस को देखकर अन्य युवा भी वहां से भाग गए। पुलिस ने मौके से 115 ग्राम निकोटिन फ्लेवर तंबाकू, सात हुक्के, चार हुक्का चिलम व सात पाइप बरामद किए। तीनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रदेश में वर्ष 2010 से हुक्का बार बंद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें जमानत मिल गई।