Ravan Dahan : कैथल में दहन से पहले ही शरारती तत्वों ने रावण के पुतले में लगाई आग, जानें फिर क्या हुआ

रावण का पुतला आज ही खड़ा किया था और शाम को छह बजे दहन किया जाना था, इससे पहले ही कुछ शरारती तत्वों ने पुतले में आग लगा थी और उसे हिलाकर गिरा दिया।;

Update: 2022-10-05 11:14 GMT

हरिभूमि न्यूज.कैथल

चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में बनाए गए 61 फुट ऊंचे रावण का पुतला एकदम से नीचे गिरने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शरारती तत्वों ने रावण के पुतले को आग लगाई है और उसे धक्के मारकर नीचे गिराया गया है। जैसे ही रावण का पुतला नीचे गिरा वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों व आसपास के लोगों भी रावण के पुतले की ओर दौड़ने लगे और आग बुझाने का प्रयास किया। बता दें कि रावण का पुतला आज ही खड़ा किया था और शाम को छह बजे दहन किया जाना था, इससे पहले ही कुछ शरारती तत्वों ने पुतले में आग लगा थी और उसे हिलाकर गिरा दिया।

बताया जा रहा है कि कारीगरों द्वारा रावण के पुतले को खड़ा तो कर दिया था, उसमें पटाखे लगाए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार जब पुतले को खड़ा किया जा रहा था तो कुछ शरारती तत्वों ने उसका विरोध में भी किया था। मौके पर मौजूद लोगों का यह भी कहना है कि जो लोग रावण दहन का विरोध कर रहे थे उन्हीं में से कुछ शरारती तत्वों ने रावण को हिलाने व उसमें आग लगाने का कार्य किया है। जैसे ही रावण के नीचे शरारती तत्व आए तो पटाखे लगा रहे कारीगर को संदेह हुआ। वह उसी समय नीचे उतरने लगा। पूरी तरह से नीचे भी नहीं उतरा था कि शरारती तत्वों ने रावण के पुतले में आग लगा दी और उसे नीचे गिरा दिया। कारीगर पुतला नीचे गिर ही रहा था वह पांच फुट ऊपर से ही कूद गया और अपनी जान बचाई।

कारीगर मोहमद शबान ने बताया कि वह पुतले के अंदर पराली भर रहा था और पटाखे लगा रहा था। वह रावण की ऊंचाई पर था उसको पता नहीं पाया कि कौन पुतले में आग लगाकर चला गया। यह पुतला 61 फुट ऊंचा है। पहले पुतले को हिलाया और पुतला उखड़ने लगा तो उसको शंका हुई। वह तभी नीचे आना लगा। वह पूरी तरह नीचे भी नहीं आया था कि शरारती तत्वों ने पुतले में आग लगा दी और पुतला नीचे गिरने लगा। वह पुतले की पांच फुट की ऊंचाई से ही कूद गया ताकि जान बच सके। 

Tags: