Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi : आईटीआर दाखिल करने वाले 853 किसानों की रोकी सम्मान निधि
शासन के आदेश के बाद कृषि विभाग ने पहले चरण में उपमंडल के 853 से अधिक आयकरदाता किसानों को चिह्नित किया है। इन्हें अब तक 2-2 हजार रुपए की 4129 किश्तें मिली हैं। ऐसे किसानों की सम्मान निधि की किस्त रोक दी गई है।;
हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
आयकर रिटर्न दाखिल करने वाले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलेगा। शासन के आदेश के बाद कृषि विभाग ने पहले चरण में उपमंडल के 853 से अधिक आयकरदाता किसानों को चिह्नित किया है। इन्हें अब तक 2-2 हजार रुपए की 4129 किश्तें मिली हैं। ऐसे किसानों की सम्मान निधि की किस्त रोक दी गई है। इसके साथ ही इन किसानों से अब तक योजना के तहत मिली धनराशि की भी रिकवरी की जा रही है। इस तरह अब इन किसानों से 82 लाख 58 हजार रुपए की रिकवरी डिमांड की जा रही है।
बता दें कि किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अब पात्रता की शर्तें बढ़ती जा रही हैं। शासन के नए आदेशों के तहत अब आयकर रिटर्न भरने वाले किसानों को सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलेगा। अगर आयकर रिटर्न भरने वाले किसान आयकर की श्रेणी में नहीं आते हैं, तो भी वे अपात्र माने जाएंगे। शासन के आदेश के बाद कृषि विभाग ने ऐसे किसानों का चिह्नित करना शुरू कर दिया है। उपमंडल कृषि विभाग ने 853 ऐसे किसानों को चिह्नित किया है, जो आयकर चुकाते हैं या आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। ऐसे किसानों की किस्त तत्काल रोक दी गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन नियम के चलते बड़ी संख्या में किसान सम्मान निधि पाने से वंचित हो जाएंगे। चिह्नित किए गए आयकरदाताओं से शासन ने अब तक मिली सम्मान निधि की धनराशि वापस लेने के आदेश दिए गए हैं। विभाग शासन के खाते में ये धनराशि जमा कर ऑनलाइन पोर्टल पर फीडिंग के साथ ही किसान का डाटा डिलीट कराएगा।
शासन के आदेश पर आयकर दाता और आयकर रिटर्न भरने वाले किसानों को चिह्नित किया जा रहा है। नए नियम के अनुसार सम्मान निधि के लिए ऐसे किसान अपात्र हैं। पहले चरण में 853 आयकरदाताओं को चिह्नित कर उनकी सम्मान निधि रोक दी गई है। सभी को नोटिस जारी कर 82 लाख 58 हजार रुपए की धनराशि जमा कराने को कहा गया है। अब तक करीब साढ़े लाख रुपए की रिकवरी की जा चुकी है। - डॉ. सुनील कौशिक, उपमंडल कृषि अधिकारी