चक्की पर आटा लेने गए अधेड़ को पीट-पीटकर किया घायल, PGI में मौत

पटेल नगर की गली नंबर-8 की रहने वाली राजवंती ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि उसका पति रविदत्त (50) शुक्रवार देर शाम को शिव मंदिर के पास चक्की से आटा लेने गया था।;

Update: 2021-02-21 15:26 GMT

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पटेल नगर में घर से आटा लेने आटा चक्की पर गए व्यक्ति को पीट-पीटकर घायल करने व उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। पटेल नगर की गली नंबर-8 की रहने वाली राजवंती ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि उसका पति रविदत्त (50) शुक्रवार देर शाम को शिव मंदिर के पास चक्की से आटा लेने गया था। जब वह काफी देर तक नहीं लौटे तो वह उनकी तलाश करत हुए चक्की की तरफ गई थी।

जब वह मुख्य गली में शिव मंदिर के पास पहुंची तो उसने देखा कि पटेल नगर का ही सोनू उसके पति रविदत्त को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीट रहा था। वह उसके पति पर राहगीरों को गाली देने का आरोप लगाकर पिटाई कर रहा था। यह देखकर उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। यह देखकर मारपीट करने वाला सोनू भाग गया। वह लोगों की मदद से अपने पति को उठाकर घर पर ले आई। राजवंती ने बताया कि करीब एक घंटा बाद सोनू अपने पांच-सात साथियों के साथ फिर से उसके घर पर पहुंच गया। वह रविदत्त पर गाली देने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने को कहने लगा। इस दौरान उसने फिर से गाली-गलौच भी किया। जिस पर उसका शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने पर वह भाग गए। उसके बाद उसने अपने पति को घरेलू उपचार दिया। जिसके बाद वह सो गए। शनिवार सुबह वह सोकर उठे तो उनकी हालत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। वह परिवार के लोगों की मदद से अपने पति को लेकर नगारिक अस्पताल में पहुंची। वहां उसके पति को प्राथमिक उपचार देने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान देर रात घायल ने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

Tags: