हनीट्रैप में फंसाकर दो लाख लेते हुए चार महिलाओं को विजिलेंस ने पकड़ा, पढ़ें पूरा मामला

पकड़ी गई महिलाओं की पहचान संत नगर पटियाला चौक निवासी अन्नू, गांव अलेवा निवासी वंदना, बीना व कविता के रूप में हुई।;

Update: 2022-11-21 04:25 GMT

जींद। रोहतक के एक व्यक्ति को हन्नी ट्रैप में फंसाकर दो लाख रुपये लेते हुए जुलाना थाना पुलिस व विजिलेंस की टीम ने चार महिलाओं को पकड़ा है। जुलाना थाना पुलिस ने चारों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

रोहतक के भिवानी चुंगी निवासी एक व्यक्ति ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 नवंबर को उसकी जींद निवासी एक महिला का उसके पास फोन आया कि वह अपना एक प्लाट बेचना चाहती है। इसके बाद आरोपित महिला ने उसे बात करके पांच हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिए। 17 नवंबर को उसका फोन आया कि वह रोहतक के जींद बाईपास पर खड़ी है और कहा कि उसके साथ जींद चल पड़े। जहां पर उसको प्लाट भी दिखा देगी और उसको जींद भी छोड़ आना। वह आरोपित महिला की बातों में आ गया और उसको गाड़ी में बैठाकर जींद की तरफ चल पड़ा। जब महिला जुलाना के निकट पहुंची तो उसने गाड़ी को रुकवा लिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। जहां पर महिला ने कहा कि दस लाख रुपये दे दे नहीं तो तेरे खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगी। इसके बाद महिला को वहीं पर गाड़ी से नीचे उतार दिया और वापस रोहतक चला गया। इसके बाद महिला के बार-बार फोन आने लगे और 10 लाख रुपए की मांग करने लगी। इसी बीच महिला ने उसके खिलाफ जुलाना थाना में मुकदमा भी दर्ज करवा दिया। पीड़ित को बाद में पता चला कि उसके साथ अन्य महिलाएं भी साथ है। इन सभी का एक गिरोह है, जो झूठे मुकदमे दर्ज करवा कर रुपए हड़पती है। 19 नवंबर को उनमे से एक महिला का पीड़ित के पास फोन आया और कहा कि वह छह-सात लाख में निपटारा करवा देगी, वह रुपए का इंतजाम कर ले। इस पर कोर्ट में ब्यान नहीं करवाएगी। 20 नवंबर को पीड़ित ने काल कर कहा कि वह दो लाख का ही इंतजाम कर पाया है। इसके बाद काल कांफ्रेंस पर दो लाख में सहमति दर्ज करवाई। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत विजिलेंस से की। इसके बाद विजिलेंस ने एक टीम का गठन कर महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ने कि योजना बनाई। इसके तहत महिलाओं को कोर्ट के पास स्थित एक पार्क में बुलाया गया। मौके पर आई महिलाओं को दो लाख के नोट दिए गए। इस दौरान टीम ने वीडियोग्राफी करते हुए चार महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान संत नगर पटियाला चौक निवासी अन्नू, गांव अलेवा निवासी वंदना, बीना व कविता के रूप में हुई।

जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि चारों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

Tags: