Weather Update: प्रदेश में दूसरे दिन भी गिरा पाला, बालसमंद में पारा माइनस 0.2 पर पहुंचा

प्रदेश में ठंड का असर एक बार फिर से बढ़ता ही जा रहा है। इस तरह यह दूसरा दिन रहा जब तापमान नीचे गिरा है।;

Update: 2023-01-16 15:50 GMT

हिसार: उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं के चलने से प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी कई स्थानों पर पाला पड़ा और न्यूनतम पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। प्रदेश के हिसार जिले में बालसमंद में रात सबसे ठंडी रही। बालसमंद का न्यूनतम तापमान -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बालसमंद के बाद महेंद्रगढ़ का -0.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। हिसार का न्यूनतम पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पाला गिरने से किसानों की धड़कनें बढ़ गई है। लगातार पाला पड़ने से सरसों तथा सब्जियों को नुकसान होने का अंदेशा बना हुआ है। उधर, दिनभर चली शीत लहरों ने ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन में अच्छी धूप खिलने के बाद भी शीत लहरों ने लोगों की कंपकंपी छुड़वाई हुई है।

उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी शीत लहरों ने बढ़ाई ठिठुरन

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 जनवरी तक आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व उत्तरी पश्चिमी शीत हवाओं के चलने की संभावना है जिससे रात्रि तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिमी तथा दक्षिण क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। परंतु 19 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा उत्तर पश्चिम से पूर्व होने तथा आंशिक बादलवाई संभावित जिससे रात्रि तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।

Tags: