पथरी के ऑपरेशन के 7 महीने बाद महिला की मौत, पेट से निकली 8 इंच की पट्टी, गल चुकी थी आंत

परिजनों ने जब जांच करवाई तो पता चला कि जिस चिकित्सक ने पहले महिला का पथरी का ऑपरेशन किया था, उसने महिला के पेट में छह गुणा आठ इंच की पट्टी छोड़ दी थी। जब परिजनों ने महिला का दोबारा ऑपरेशन करवाया तो उसकी आंत गल चुकी थी।;

Update: 2022-07-13 14:58 GMT

हरिभूमि न्यूज. जींद

गांव भकलाना ( हिसार ) निवासी 55 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के सात माह बाद हिसार के निजी अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने जब जांच करवाई तो पता चला कि जिस चिकित्सक ने पहले महिला का पथरी का ऑपरेशन किया था, उसने महिला के पेट में छह गुणा आठ इंच की पट्टी छोड़ दी थी। जब परिजनों ने महिला का दोबारा ऑपरेशन करवाया तो उसकी आंत गल चुकी थी। अधिक इंफेक्शन फैलने के कारण महिला की आठ जुलाई को मौत हो गई। नागरिक अस्पताल जींद को जब इस बारे में पता चला तो हड़कंप मच गया। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. लोकवीर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है, इसकी जांच करवाई जाएगी।

यह है मामला

गांव भकलाना निवासी अनूप ने बताया कि उसकी मां मूर्ति देवी (55) को पथरी की शिकायत थी। उसने अपनी मां का 16 दिसंबर 2021 को नागरिक अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन करवाया था। ऑपरेशन सर्जन डा. चंद्रमोहन ने किया था। 10 दिन बाद फिर वह अपनी मां को नागरिक अस्पताल जींद में टांके कटवाने ले गया। उस समय उसकी मां ने बताया कि उसे दर्द हो रहा है। चिकित्सक ने फिर से दवाई दे दी। लगभग 15 दिन बाद टांकों में गलन हो गई। वह फिर उसकी मां को लेकर नागरिक अस्पताल जींद में गया और चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने फिर दवाई दे दी। इसके बाद उसकी मां को लगभग एक महीने तक आराम रहा। धीरे-धीरे फिर से दर्द बढ़ने लगा।

वह दवाई ले लेती तो उसका दर्द ठीक रहता। बाद में दिन प्रतिदिन उसकी मां के पेट का दर्द बढ़ने लगा। दर्द इतना बढ़ गया कि उसकी मां को उल्टी होने लगी। अनूप ने बताया कि वह अपनी मां को चार जुलाई को लेकर हिसार के शांति देवी अस्पताल में गया। यहां चिकित्सकों ने जांच की तो बताया कि उसकी मां के पेट में कुछ धागानुमा चीज दिखाई दे रही है। पांच जुलाई को चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया तो मूर्ति देवी के पेट से एक छह गुणा आठ इंच की पट्टी निकली। ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक ने बताया कि इसकी आंत पूरी तरह से गल चुकी है और इंफेक्शन बहुत ज्यादा फैल गया है। अनूप ने बताया कि आठ जुलाई को उसकी मां की मौत हो गई। नौ जुलाई को उसकी मां का पोस्टमार्टम करवाया गया। उसने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है।

परिजनों के आरोप निराधार

नागरिक अस्पताल के सर्जन डा. चंद्रमोहन ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है। महिला द्वारा सात-आठ माह पहले आपरेशन करवाया था। उनके द्वारा काफी आपरेशन किया जा चुके हैं लेकिन इस तरह की कोई लापरवाही नहीं की गई है। परिजनों द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं वो निराधार हैं। आपरेशन के बाद महिला के परिवार का कोई भी सदस्य उनसे नहीं मिला है। उनको भी घटना के बारे में मीडिया के माध्यम से ही पता चला है।

मामला संज्ञान में, करवाई जाएगी जांच : पीएमओ

नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. लोकवीर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। हालांकि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग द्वार इस मामले पर खुद संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच करवाई जाएगी। अगर शिकायत आती है तो शिकायतकर्ता को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जींद पुलिस को दी जाएगी जांच

हिसार अर्बन एस्टेट थाने के जांच अधिकारी सिकंदर ने बताया कि महिला का आपरेशन जींद के नागरिक अस्पताल में हुआ है इसलिए जांच क्षेत्र जींद पुलिस का है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आते ही शिकायत को जींद पुलिस के पास भेज दिया जाएगा। निजजनों ने पेट में पट्टी छोड़ने के चलते महिला की मौत का कारण बताया है।

Tags: