रेवाड़ी : संदिग्ध हालत में महिला की मौत, मायके वाले बोले- जहर देकर मार डाला

अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। ससुराल पक्ष के लोगों ने जहां उसके खुद जहर खाने की बात कही गई, वहीं मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि उसे जहर देकर मारा गया है।;

Update: 2022-05-17 12:00 GMT

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

जाटूसाना थानांतर्गत गांव बाजपुरा की एक महिला की मंगलवार दोपहर संदिग्ध हालत में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों के पर उसे जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

करीब 25 वर्षीय सोनिया को उसके ससुरालवालों ने दोपहर के समय गंभीरावस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। उसे दाखिल कराने के बाद मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टर के अनुसार महिला ने जहरीला पदार्थ खाया हुआ था। कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद ही अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। ससुराल पक्ष के लोगों ने जहां उसके खुद जहर खाने की बात कही गई, वहीं मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि उसे जहर देकर मारा गया है। दहेज की मांग पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल भिजवा दिया।

Tags: