Yamunanagar : सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से ठगे लाखों

  • पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का मामला दर्ज
  • नौकरी लगवाने के नाम पर 9 लाख में किया था सौदा तय
;

Update: 2023-09-05 12:45 GMT

Yamunanagar : गौरव नामक युवक से एफसीआई विभाग में स्टोर कीपर की नौकरी दिलवाने के नाम पर तीन लोगों ने साढ़े चार लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने नौ लाख रुपए में नौकरी लगवाने की बात कही थी। आरोपियों ने आधे पैसे पहले तथा आधे पैसे नौकरी लगने के बाद लेना तय किया था। मगर आरोपियों ने न तो युवक को नौकरी पर लगवाया और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

अंबेडकर पुरम निवासी कुसुमलता ने बताया कि उसका लड़का गौरव बीटैक करने के बाद नौकरी की तलाश में था। 2022 में वह तथा उसका लड़का अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गए थे। इस दौरान उसे वहां पर कप्तान माजरी निवासी संजीव कुमार मिला। आरोपी ने उसके लड़के को एफसीआई में स्टोर कीपर के पद पर नौकरी दिलवाने की बात कही। एक दिन आरोपी संजीव अपने साथ कुलदीप सिंह व नसीब सिंह को लेकर उसके घर आया। आरोपी ने उससे कहा कि कुलदीप सिंह नमो संघ का अध्यक्ष है और लोगों को नौकरी दिलवाने का काम करता है। वह उसके लड़के को स्टोर कीपर की नौकरी दिलवा देंगे। आरोपियों ने उससे नौकरी दिलवाने के नाम पर नौ लाख रुपए मांगे।

साढ़े चार लाख रुपए पहले, बाकि पैसे नौकरी लगने के बाद देने को कहा। उसने आरोपियों पर विश्वास करके उन्हें साढ़े चार लाख रुपए दे दिए। आरोपियों ने उसके लड़के को जल्द नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। मगर काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उसके लड़के को नौकरी नहीं दिलवाई। जब उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने मना कर दिया और उसको व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें - Rohtak : भ्रूण लिंग जांच मामले में युवक काबू, मैक्स अस्पताल में चल रहा था खेल

Tags: