उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने से राज्य के सभी नागरिकों को समान अधिकारों को बल मिलेगा: सीएम पुष्कर सिंह धामी

सीएम ने आगे कहा कि इस यूनिफॉर्म सिविल कोड का दायरा विवाह, तलाक, ज़मीन जायदाद और उत्तराधिकार जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानून हो, चाहे वे किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों।;

Update: 2022-02-12 07:17 GMT

उत्तराखंड (Uttarakhand) के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई हिंदी के मुताबिक, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने कहा है कि राज्य में आगामी नई भाजपा सरकार (BJP Govt) अपने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद न्यायविदों, सेवानिवृत जनों, समाज के प्रबुद्धजनों और अन्य लोगों की एक कमेटी गठित करेगी जो उत्तराखंड राज्य के लिए यूनिफॉर्म सिविल कोड (Uniform Civil Code) का ड्राफ्ट तैयार करेगी। 

सीएम ने आगे कहा कि इस यूनिफॉर्म सिविल कोड का दायरा विवाह, तलाक, ज़मीन जायदाद और उत्तराधिकार जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानून हो, चाहे वे किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों। यूनिफॉर्म सिविल कोड संविधान निर्माताओं के सपनों को पूरा करने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम होगा। उत्तराखंड में जल्द से जल्द यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने से राज्य के सभी नागरिकों को समान अधिकारों को बल मिलेगा।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि उत्तराखंड में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होने जा रही है। आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। लेकिन इससे पहले राजनीतिक दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। 

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी जैसे दिग्गज चुनाव प्रचार के लिए मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी के साथ राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट मोर्चा संभालेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया भी मैदान में हैं।  

Tags:    

Similar News