पुष्कर सिंह धामी ने ली उत्तराखंड के सीएम पद की शपथ, इन मंत्रियों को भी कैबिनेट में मिली जगह
देहरादून में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्र सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।;
उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने आज शपथ ली। देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज कुल आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्र सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धामी कैबिनेट में टिहरी के नरेंद्र नगर से विधायक सुबोध उनियाल को जगह मिली है। वे एनडी तिवारी के भी सलाहकार रह चुके हैं। धामी कैबिनेट में सौरभ बहुगुणा ने भी जगह बना ली है। उन्होंने विधानसभा चुनावों में सितारगंज सीट से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा मसूरी सीट से विधायक गणेश जोशी को भी कैबिनेट में जगह मिली है।
धामी कैबिनेट में सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल ने भी अपने पद की शपथ ली। इसके बाद उन्होंने धन सिंह रावत ने भी शपथ ली। वे आरएसएस से बीजेपी में आए थे। वे पिछली सरकार में भी मंत्री थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव में 587 वोट से जीत हासिल की है। इसी प्रकार रेखा आर्य ने भी अपने पद की शपथ ली है। उन्होंने सोमेश्वर सीट से विधानसभा चुनाव में 5293 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। आर्य पिछली तीनों सरकारों में मंत्री रही हैं।
रेखा आर्य के बाद चंदन राम दास ने भी अपने पद की शपथ ली। उनके पास सियासत का लंबा अनुभव है। 1980 से राजनीति में आए और नगर पालिका अध्यक्ष से लेकर मंत्री बनने तक का सफर तय किया। राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।