Birthday: 75 साल के हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जानें कैसे पहुंचे रायसीना हिल तक
Birthday: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज 75 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।;
Birthday: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज 75 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। पीएम ने ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों की समझदारी हमारे राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है। वह कमजोरों की सेवा करने के प्रति बेहद दयालु हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।
वहीं दूसरी तरफ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी राष्ट्रपति को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर लिखा कि मैं आज भारत के माननीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देता हूं। वह अपनी सादगी, गर्मजोशी, दूरदर्शिता, अनुकरणीय नेतृत्व और गरीबों की चिंता के लिए जाने जाते हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की प्रार्थना करता हूं।
राष्ट्रपति के जन्मदिन पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व सशक्तिकरण के प्रति आपका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता रहा है। आपकी बुद्धिमत्ता व कौशल से देश को नया बल मिला है। आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।
रामनाथ कोविंद का राजनीतिक सफर
रामनाथ कोविंद ने 25 जुलाई 2017 को भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में पद संभाला था। कोविंद भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं। रामनाथ कोविंद भारत के राष्ट्रपति नियुक्त होने से पहले बिहार के राज्यपाल थे। इसके अलावा कोविंद भारत के राष्ट्रपति का पद संभालने वाले दूसरे दलित नेता हैं। वहीं उन्होंने 1993 तक दिल्ली हाईकोर्ट के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस की थी। इसके बाद साल 1994 में वो संसद में राज्यसभा के सदस्य बने। कोविंद को सत्तारूढ़ एनडीए ने राष्ट्रपति पद के लिए नामित किया और प्रणब मुखर्जी के बाद 14वें राष्ट्रपति बनें।