भगवान बुद्ध की 2564वीं जयंती का महाविहार से होगा ऑनलाइन प्रसारण, वैशाख पूर्णिमा के दिन हुआ था जन्म

बुद्धभूमि महाविहार की जमीं से इस बार सात मई को भगवान बुद्ध की 2564वीं जयंती पर देश-दुनिया को विश्व स्वास्थ्य जागरूकता का पैगाम दिया जाएगा। कोरोना महामारी के चलते बुद्ध जयंती संपूर्ण भारतवर्ष के साथ महाविहार में भी सादगीपूर्ण माहौल में मनेगी।
महाविहार के भंते शाक्यपुत्र सागर थेरो ने बताया कि बुद्ध के पवित्र वचनों से सकारात्मक वातावरण बने, लोग कोरोना से मुक्त हों, निरोगी हों, सबका कल्याण हो इसी मंगल कामना के साथ बुद्ध जयंती मनाएंगे। उत्साह के साथ परित्राण पाठ, बुद्ध वंदना, धम्म वंदना और संघ वंदना की जाएगी। इसका प्रसारण ऑनलाइन देखा जा सकेगा। लोगों से आह्वान किया है कि घर पर रहकर बुद्ध वंदना और अष्टशील उपोसथ व्रत पालन करें। भंते थेरो के अनुसार वैशाखी पूर्णिमा बहुत खास इसलिए मानी जाती है। क्योंकि इसी दिन भगवान बुद्ध का नेपाल की जमीं पर लुंबनी में जन्म, बौद्धगया में बौद्धत्व (ज्ञान) और कुशीनगर में महापरिनिर्वाण हुआ। इसलिए यह दिन अपने आप में पवित्र माना जाता है।
बुद्धभूमि महाविहार में हजारों दीपदान
चूनाभट्टी रोड स्थित बुद्धभूमि महाविहार में सुबह 10 बजे तथागत बुद्ध भगवान की मूर्ति पर पवित्र जल अर्पित कर बुद्ध वंदना व महापरित्राण पाठ कर कोरोना से निजात पाने का संदेश दिया जाएगा। शाम 7.30 बजे महाविहार में हजारों दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। दीपों की आकर्षक रोशनी से यह परिसर जगमग रहेगा। इसे सोशल मीडिया पर लाइव दिखाया जाएगा। इसके अलावा शहर के 45 अन्य स्थानों पर बने बौद्ध विहारों में भी दीपोत्सव कर भगवान बुद्ध की बंदना की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS