TikTok Lovers की आखिरी उम्मीद खत्म, भारत में अपना कारोबार बंद करेगी कंपनी, जानिए कर्मचारियों का क्या होगा

नई दिल्ली। भारत में सबसे प्रसिद्ध सोशल मीडिया ऐप टिकटॉक TikTok के चाहने वालों के लिए बुरी खबर है। कंपनी ने इस ऐप के दोबारा चालू होने की खबरों पर अंकुश लगाते हुए भारत में अपना कारोबार बंद करने की घोषणा की है। भारत में टिकटॉक और हेलो ऐप का स्वामित्व रखने वाली इस कंपनी की सेवाओं पर प्रतिबंध जारी हैं। टिकटॉक के वैश्विक अंतरिम प्रमुख वेनेसा पाप्पस और वैश्विक व्यापार समाधान के उपाध्यक्ष ब्लेक चांडली ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में कंपनी के निर्णय के बारे में बताया कि वह टीम के आकार को कम कर रही है और इस निर्णय से भारत के सभी कर्मचारी प्रभावित होंगे।
भारत में दोबारा वापसी पर कही यह बात
अधिकारियों ने कंपनी की भारत में वापसी पर अनिश्चितता व्यक्त की, लेकिन कहा कि आने वाले समय में ऐसा होने की उम्मीद बनी हुई है। ईमेल में कहा गया है कि हम यह नहीं जानते कि हम भारत में कब वापसी करेंगे, हम अपने लचीलेपन पर भरोसा कर रहे हैं और आने वाले समय में ऐसा करने की इच्छा रखते हैं। बाइटडांस के एक सूत्र के अनुसार कंपनी ने बुधवार को एक टाउन हॉल का आयोजन किया, जहां उसने भारत के कारोबार को बंद करने के बारे में बताया। जब इस बारे में टिकटॉक के प्रवक्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि कंपनी ने 29 जून 2020 को जारी भारत सरकार के आदेश का लगातार पालन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह इसलिए निराशाजनक है कि पिछले सात महीनों में, हमारे प्रयासों के बावजूद हमें इस बारे में स्पष्ट दिशा नहीं दी गई कि हमारे ऐप को कैसे और कब फिर से चालू किया जा सकता है। इस बात का गहरा अफसोस है कि भारत में हमारे 2,000 से अधिक कर्मचारियों को आधे साल तक बनाए रखने के बाद अब हमारे पास अपने कार्यबल को घटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी टिक्कॉक को फिर से शुरू करने के लिए तत्पर है। भारत सरकार ने जून 2020 में टिकटॉक और हेलो सहित चीन के 59 ऐप को बंद कर दिया था।
टिकटॉक से होती थी कमाई
TikTok एक बहुत ही पॉपुलर ऐप है। इस ऐप के जरिए यूज़र्स शॉर्ट वीडियो बनाते थे और उसे कई स्पेशल इफेक्ट्स के साथ एडिट करके पोस्ट करते थे। कई यूज़र्स तो टिकटॉक के जरिए लाखों रुपए भी कमाने लगे थे। उन सभी के धंधे पर तो पानी फिरा ही। साथ ही वैसे लोगों की भी नौकरी अब जाने के कगार पर है जो इन ऐप्स में काम करते थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS