Twitter के सह-संस्थापक Jack Dorsey ने कर्मचारियों की छंटनी पर मांगी माफी, कही बड़ी बात

Twitter के सह-संस्थापक Jack Dorsey ने कर्मचारियों की छंटनी पर मांगी माफी, कही बड़ी बात
X
ट्विटर टेकओवर करने के बाद एलन मस्क कर्मचारियों की छंटनी कर रहे हैं। छंटनी की मार ट्विटर के करीब 3700 कर्मचारियों पर पड़ी है। इस पूरे घटनाक्रम में ट्विटर के कोफाउंडर जैक डोर्सी ने माफी मांगी है।

ट्विटर का बॉस बनने के बाद एलन मस्क ने कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agarwal), पॉलिसी हेड विजया गाड्डे (Vijaya Gadde) और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर नेड सीगल (Ned Segal) को निकालने के साथ ही करीब 3700 कर्मचारियों को कंपनी से निकाल दिया। ट्विटर के 50 फीसदी कर्मचारियों के निकाले जाने से हड़कंप मचा है। यहां तक कि ट्विटर इंडिया (Twitter India) के कर्मचारियों को भी छंटनी होने का डर सता रहा है। इन सबके बीच ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डोर्सी (Twitter founder Jack Dorsey) ने प्रतिक्रिया देते हुए अपने पूर्व कर्मचारियों से माफी मांगी है।

जैक डोर्सी ने सार्वजनिक तौर पर ट्विटर के वर्तमान घटनाक्रम पर माफी मांगी है। डोर्सी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'ट्विटर पर पहले व वर्तमान समय में काम करने वाले कर्मचारी बेहद मजबूत और प्रतिभावान हैं। वे कठिन से कठिन समय में भी अपने लिए रास्ता खोज ही लेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि मुझे अहसास है बहुत से सारे लोग मुझसे नाराज हैं। मैं मानता हूं कि हर कोई मेरी वजह से इस स्थिति में है। मैंने कंपनी के आकार को बहुत जल्दी बड़ा बना लिया, इसके लिए मैं मांफी मांगता हूं।

जैक ने ट्वीट में आगे लिखा, 'मैं उन सभी से प्यार करता हूं और आभारी हूं जिन्होंने कभी भी ट्विटर पर काम किया है।' बता दें कि जैक डोर्सी साल 2007 में ट्विटर के डॉयरेक्टर और 2015 से ट्विटर के सीईओ रहे थे। इसी साल मई में उन्होंने ट्विटर बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था।

ट्विटर कर्मचारियों की हो रही छंटनी

टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क ने अक्टूबर 27 के दिन आधिकारिक तौर पर ट्विटर को खरीदा था। ट्विटर टेकओवर करने के बाद एलन मस्क कर्मचारियों की छंटनी कर रहे हैं। एलन मस्क ने खुद कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने की जानकारी दी थी। अब तक ट्विटर के 50 फीसदी कर्मचारियों को हटा दिया गया है। यानी 7500 कर्मचारियों में से 3700 कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है। छंटनी की मार भारतीय कर्मचारियों के ऊपर भी पड़ी है, लेकिन अभी ट्विटर इंडिया की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

Tags

Next Story