Lok Sabha Election 2019 : बिहार की पांचों सीटों पर 59.08 % हुआ मतदान, कई दिग्गजों की किस्मत हुई ईवीएम में बंद

Lok Sabha Election 2019 : बिहार की पांचों सीटों पर 59.08 % हुआ मतदान, कई दिग्गजों की किस्मत हुई ईवीएम में बंद
X
लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे तक संपन्न हो गया।

Lok Sabha Election 2019 Phase 4 : लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे तक संपन्न हो गया। इस चरण में बिहार की 5 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इनमें दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर शामिल है। बिहार लोकसभा की इन 5 सीटों पर 66 उम्मीदवारों का किस्मत ईवीएम में कैद हो गया है। बिहार की इन पांच सीटों पर 46,70,848 पुरुष मतदाता, 41,03,920 महिला मतदाता एवं 228 थर्डजेंडर मतदाताओं ने ईवीएम की बटन दबाकर योग्य प्रत्याशियों को वोट किया। पूरे प्रदेश में शान्तिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। केवल लखीसराय के सूर्यगढ़ा स्थित बूथ संख्या 195 और 199 के मतदाताओं ने वोटिंग का बहिष्कार किया।

Lok Sabha Election 2019 Phase 4 Live News Updates

- बिहार में पांच सीटों दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर पर शाम 6 बजे तक मतदान हुआ संपन्न। पांचों सीटों पर कुल 59.08 फीसदी मतदान हुआ। दरभंगा में 56.62, उजियापुर में 52.81, समस्तीपुर में 60.65, बेगूसराय में 62.30 व मुंगेर में 55.44 फीसदी मत पड़ेे।

- बिहार के पांच लोकसभा सीटों दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय एवं मुंगेर में शाम 5 बजे तक क्रमश: 53.45 प्रतिशत, 52.81 प्रतिशत, 53.91 प्रतिशत, 55.93 प्रतिशत एवं 52.06 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग किया। पांचों सीटों पर कुल 53.67 फीसदी मतदान।

- बिहार में 3:00 बजे तक कुल 44.29 फीसदी हुआ मतदान। दरभंगा में 43.15, उजियारपुर में 41.02, समस्तीपुर में 41.80, बेगूसराय में 47.59 और मुंगेर में 46.81 फीसदी लोगों ने किया मतदान।



- दरभंगा सदर प्रखंड के कबीरचक पंचायत के निवासी 66 वर्षीय रीत लाल पासवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मतदान के लिए उन्हें ले जाया जा रहा था। रीतलाल काफी दिनों से बीमार थे। परिजन उन्हें रिक्शे पर बैठा कर मतदान करवाने ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।

- दरभंगा के बूथ संख्या 81 के अधिकतर मतदाताओं ने वोटिंग का बहिष्कार किया है। इनकी शिकायत है कि जिला प्रशासन के बताने के बावजूद मतदान केंद्र बदला नहीं गया। जो मतदान केंद्र वोटिंग के लिए बनाया गया है उसकी दूरी बहुत ज्यादा है। जबकि, नजदीक में सरकारी भवन जैसे पंचायत भवन एवं सरकारी स्कूल का भवन होने के बावजूद काफी दूर मतदान केंद्र बनाया गया है। नाराज मतदाताओं ने वोट न करने का फैसला किया है।

- बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने दरभंगा में अपने बूथ पर वोट किया।



- बिहार में 2:00 बजे तक कुल 37.71 फीसदी हुआ मतदान। दरभंगा में 36.86, उजियारपुर में 37.12, समस्तीपुर में 39.81, बेगूसराय में 39.04 और मुंगेर में 35.71 फीसदी लोगों ने किया मतदान।

- दरभंगा के पासवान चौक के पास बने अपने बूथ पर मतदान के लिए जाते वक्त 70 वर्षीय हितो राय को अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी।

- बिहार में 12 बजे तक कुल 24.31 प्रतिशत हुआ मतदान। समस्तीपुर और मुंगेर में 23, उजियारपुर 23.08, बेगूसराय में 24.6, दरभंगा में 28 फीसदी पड़ा वोट।

- मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपने गांव नदावां और उनकी पत्नी व मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी नीलम देवी ने किया मतदान।



- मुंगेर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र मध्य विद्यालय बनबरसा स्थित बूथ संख्या-94 पर 880 मतदाताओं में से अब तक 298 मतदाताओं ने डाले वोट। अब तक कुल 33.86 फीसदी वोट पड़ चुके हैं।

- बिहार में 11 बजे तक कुल 17.07 फीसदी हुआ मतदान। समस्तीपुर में 13.25, बेगूसराय में 17.6, उजियारपुर में 12.69, दरभंगा में 16.8, मुंगेर में 15 फीसदी हुआ मतदान।

- अभी तक दरभंगा में 11.20, उजियारपुर में 11.28, समस्तीपुर में 11.58, बेगूसराय में 11 और मुंगेर में 14 फीसदी मत पड़े।

- लखीसराय के सूर्यगढ़ा स्थित बूथ संख्या 195 और 199 के मतदाताओं ने वोटिंग का बहिष्कार किया है। मतदाताओं के वोट बहिष्कार के कारण इन बूथों पर मतदान कर्मी सुबह से बैठे हैं। यहां अब तक एक भी वोट नहीं पड़े हैं। ग्रामीणों की मांग है 'पहले रोड फिर वोट'। ग्रामीणों ने बताया कि कोई नेता उनकी समस्या सुनने नहीं आता।


- बेगूसराय के सीपीआई उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने ट्वीट कर कहा है कि वोट डालना आपका अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। अगर आप राजनीति में दिलचस्पी नहीं लेंगे, तो नेताओं की भी आपके बुनियादी सवालों में दिलचस्पी नहीं रहेगी। वोट जरूर दीजिए, क्योंकि देश की दशा-दिशा तय करनेवाला यह अधिकार हमें बड़े संघर्षों की बदौलत हासिल हुआ है।

- सुबह बजे तक दरभंगा में 9.34, उजियारपुर में 6.78, समस्तीपुर में 6.89, बेगूसराय में 7 और मुंगेर में 9.5 फीसदी मतदान हुआ।

- मुंगेर के प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर स्थित बूथ संख्या 269 का स्थान परिवर्तन किए जाने के बाद ग्रामीणों ने किया वोट का बहिष्कार। हालांकि इसी बूथ पर महिलाओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह दिख रहा है।

- दरभंगा के सदर प्रखंड के पांच बूथों पर ईवीएम खराब होने से विलंब से शुरू हुआ मतदान।

- समस्तीपुर के रोसड़ा प्रखंड के मिल्की उर्दू उच्च मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 296 पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।

- मुंगेर में पहली बार वोट देने वालों युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। मध्य विद्यालय चड़ौन स्थित बूथ संख्या 233 पर पहली बार वोट डालने के बाद खुशी व्यक्त करती सोनम, निशा और साक्षी। पहली बार वोट देने के बाद सोनम, निशा और साक्षी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि जिसे भी मैंने वोट किया है, उस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो और वे हमारे क्षेत्र का विकास करें।



- बेगूसराय से सीपीआई के उम्मीदवार कन्हैया कुमार अपने मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि 'बेगूसराय को बदनाम करने वाली ताकतों को बेगूसराय में मुंह की खानी पड़ेगी। मालूम हो कि कन्हैया कुमार केन्द्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह के खिलाफ मैदान में हैं।

- मुंगेर के प्राथमिक कन्या विद्यालय महादेवा में बूथ संख्या 304 पर मतदान करने के लिए धर्मपत्नी नूतन सिन्हा के साथ कतार में खड़े ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार।



- केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने गांव बड़हिया के अपना मतदान डालने के बाद कहा कि मैं यहां राजग प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन का मताधिकार का प्रयोग किया। अब मैं बेगूसराय में मतदाताओं को जागरूक करने जा रहा हूं। पत्रकारों के पूछे जाने पर कि गिरिराज सिंह नाम बदल कर 'गिद्ध राज' हो गया है, जिस पर उन्होंने कहा कि देश के टुकड़े करने वाले के लिए 'गिद्ध राज' हूं और यह बात मैं गर्व से कहुंगा। उन्होंने कहा कि राजग गठबंधन देश में 403 सीट जीतेंगी। साथ ही दो सौ प्रतिशत देश का प्रधानमंत्री पुनः नरेंद्र मोदी जी ही बनेंगे।

- लखीसराय जिले के बड़हिया में पोलिंग बूथ नंबर-33 पर केंद्रीय मंत्री और नवादा से सांसद गिरिराज सिंह ने अपना वोट डाला।

- मुंगेर संसदीय क्षेत्र की आईकॉन नेहा गुप्ता ने बूथ संख्या 165 पर किया मतदान।

- केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने बड़हिया के शक्तिधाम में पूजा-अर्चना की।

बेगूसराय

बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का मुकाबला भाकपा उम्मीदवार और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और विपक्षी महागठबंधन में शामिल राजद के उम्मीदवार तनवीर हसन से है। बेगूसराय से पिछली बार भाजपा सांसद रहे भोला प्रसाद का लंबी बीमारी के बाद पिछले साल निधन हो गया था। इस सीट पर मुख्य मुकाबला कन्हैया व गिरिराज सिंह के बीच माना जा रहा है। यहां से कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दरभंगा

दरभंगा लोकसभा सीट से सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामे जाने पर भाजपा ने इस लोकसभा सीट से गोपाल जी ठाकुर को अपना प्रत्याशी बनाया है जिनका सीधा मुकाबला राजद उम्मीदवार अब्दुल बारी सिद्दीकी से है। यहां से कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुंगेर

मुंगेर से बिहार के मंत्री और जदयू प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह राजग उम्मीदवार के रुप में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी और मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी से है। यहां से कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं।

उजियारपुर

उजियारपुर से सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय फिर से उम्मीदवार हैं। यहां उनका सीधा मुकाबला विपक्षी महागठबंधन में शामिल रालोसपा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से है। यहां से कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।

समस्तीपुर (एससी)

समस्तीपुर से लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान राजग उम्मीदवार के तौर एक बार फिर चुनावी मैदान में खड़े हैं। यहां उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार से है। यहां से कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story