एक हजार करोड़ में नीलाम होंगी शहर की 92 शराब दुकानें

एक हजार करोड़ में नीलाम होंगी शहर की 92 शराब दुकानें
X

- गांव के शराब ठेके पर भी मिलेगी अंग्रेजी शराब

- आज होगी आॅनलाइन नीलामी, रिजर्व प्राइज से लगाई जाएगी बोली

- एमपी नगर, कोलार, पिपलानी और अरेरा ग्रुप लेने के लिए रहेगी होड़

भोपाल। वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए राजधानी की 92 शराब दुकानों के लिए शुक्रवार को दोपहर दो बजे से आॅनलाइन बोली लगाई जाएगी। शराब कारोबारी दुकानों के लिए 11 फरवरी दोपहर एक बजे तक आॅनलाइन टेंडर जमा कर सकेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे से टेंडर खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग ने भोपाल के 33 ग्रुप के लिए 1057 करोड़ का रिजर्व प्राइस रखा है।

चालू वित्त वर्ष में 780 करोड़ में सिंगल ग्रुप को ठेके दिए गए थे। हालांकि यह टेंडर दस माह के लिए हुए थे। दरअसल, प्रदेश के 17 जिलों में तीन चरण में शराब दुकानों के टेंडर किए जाने हैं। दूसरे चरण में 11 फरवरी शुक्रवार को छह जिलों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दूसरे चरण में भोपाल सतना, शिवपुरी, खंडवा, भिंड और छिंदवाड़ा जिले शामिल होंगे।

- बड़े ग्रुपों पर रहेगी नजर

नई आबकारी नीति के तहत आगामी वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए किए जा रहे टेंडर में ठेकेदारों की नजर भोपाल के बड़े ग्रुपों पर रहेगी। इसके लिए बड़ी संख्या में बोली लगाई जा सकती है। शहर के अरेरा कॉलोनी, कोलार, एमपी नगर, गुलमोहर, हबीबगंज नाका, पिपलानी और नेहरू नगर गु्रपों को लेने के लिए ठेकेदारों में होड़ देखने को मिलेगी।

- ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों में नहीं बिकेगी विदेशी शराब

इस बार जिले की 90 मदिरा दुकानें कम्पोजिट शॉप होंगी। जिससे इन पर देसी और विदेशी शराब दोनो ही विक्रय के लिए उपलब्ध रहेगी। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र की ऐसी दुकान जो वर्ष 2021-22 में देसी मदिरा दुकान थी, उनमें देश के बाहर से आने वाली मदिरा के विक्रय की अनुमति नहीं होंगी।

- शहर के महंगे ग्रुप

- एमपी नगर ग्रुप, कोलार ग्रुप, अरेरा कॉलोनी ग्रुप, हबीबगंज नाका गु्रप, पिपलानी ग्रुप, नेहरू नगर ग्रुपों का आरक्षित मूल्य सबसे अधिक रखा गया है।

- इन ग्रुपों की रिजर्व प्राइस कम

- बैरसिया ग्रुप, ईंटखेड़ी ग्रुप, झिरनिया ग्रुप, नजीराबाद ग्रुप का आरक्षित मूल्य कम रखा गया है।

Tags

Next Story