केंद्रीय विद्यालय के दो हजार से अधिक छात्र मनाएंगे एक भारत श्रेष्ठ भारत पर्व

केंद्रीय विद्यालय के दो हजार से अधिक छात्र मनाएंगे एक भारत श्रेष्ठ भारत पर्व
X
31 अक्टूबर को इंडिया गेट लॉन में एक भारत श्रेष्ठ भारत का आयोजन किया जाएगा और केंद्रीय एचआरडी मंत्री इस यजना का उद्घाटन करेंगे।

केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की ओर से 31 अक्टूबर को इंडिया गेट लॉन में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत पर्व' का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 2 हजार 300 से अधिक छात्र शिक्षकों के साथ भाग लेंगे। यह पहला ऐसा मौका है जब इतने बड़े पैमाने पर केवीएस के देश में मौजूद 25 रीजन के 1 हजार 226 स्कूलों में छठी से बारहवीं कक्षा के छात्र इस पर्व में भागीदारी करने जा रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन के कमीशनर संतोष कुमार मल्ल ने हरिभूमि से बातचीत में कहा कि बीते वर्ष के मुकाबले इस बार पर्व का आयोजन काफी बड़े व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक करेंगे। उद्घाटन के बाद आम जनता के लिए भी इसे खोला जाएगा।

4 थीम, 28 प्रतियोगिताएं

केवीएस कमीशनर ने यह भी कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत पर्व में शामिल होने वाले छात्रों के लिए 4 थीम के साथ 28 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें पहली थीम फिट इंडिया, दूसरी समग्र शिक्षा-जल सुरक्षा, तीसरी बैन ऑन सिंगल यूज प्लास्टिक और चौथी स्वच्छ भारत रखी गई है। 28 प्रतियोगिताएं भी होंगी। जिसमें लिट फेस्ट, हिंदी-इंग्लिश डिबेट, संस्कृत श्लोक वाचन, हिंदी काव्य पाठ, सृजनात्मक लेखन, कहानी कथन, भाषा संगम, प्रदशर्नियां, पेंटिंग, समूह नृत्य, एक भारत-श्रेष्ठ भारत पर क्विज मुख्य हैं। इस पर्व का समापन 3 नवंबर को होगा।

ज्ञान का दायरा बढ़ेगा

इस पर्व की खास बात यह भी है कि इसमें शामिल होने वाले तमाम छात्रों को अपने मूल राज्य से बाहर के किसी सूबे का भाषायी, साहित्यिक और सांस्कृतिक आधार पर अध्ययन करने का मौका मिलता है। उसी को ध्यान में रखकर वह प्रतियोगिता में अपने जवाब देते हैं। समारोह के अंत में विजेता छात्रों को तीन श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा और पुरस्कार के रूप में एक ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। समारोह के दौरान केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों को संगीत कला को लेकर एक मंच प्रदान किया जाएगा। इसमें वह 6 श्रेणियों में वोकल और इंस्ट्रूमेंटल में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story