गहलोत सरकार सेकेंड ग्रेड के 23 हजार पदों पर करेगी भर्ती, जानिए एक लाख पदों का पोस्ट वाइज ब्यौरा

गहलोत सरकार सेकेंड ग्रेड के 23 हजार पदों पर करेगी भर्ती, जानिए एक लाख पदों का पोस्ट वाइज ब्यौरा
X
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत सरकार ने एक लाख सरकारी भर्तियों का ऐलान किया है। इनमें सबसे ज्यादा शिक्षकों की भर्तियां होंगी। जानिए पद वाइज भर्तियों की संख्या।

राजस्थान की गहलोत सरकार ने 1 लाख पदों पर भर्ती की घोषणा की है। सरकार की तरफ से अब पे-ग्रेड वाइज खाली पदों का आंकड़ा जारी किया गया है। इन खाली पदों को लेकर माना जा रहा है कि गहलोत सरकार इन पर जल्द भर्ती करेगी।

राजस्थान में करीब 23 हजार पद सेकेंड ग्रेड के खाली हैं। राजस्थान में कुल सेकंड ग्रेड के 80 हजार पद हैं। जबकि अभी 57 हजार के करीब सेकेंड ग्रेड के शिक्षक नियुक्त हैं और करीब 23 हजार पद खाली हैं। राजस्थान सरकार की तरफ से जारी यह आंकड़ा 1 फरवरी 2023 तक का है। जबकि मई-जून में काफी शिक्षकों का रिटायरमेंट भी है। ऐसे में सेकंड ग्रेड के कम से कम 23 हजार पदों पर भर्ती होना तय है। विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सरकार की तरफ से यह पद और भी बढ़ाए जा सकते हैं।

इसके अलावा व्याख्याता एवं उसके समकक्ष 16 हजार पदों पर भर्ती होगी। क्योंकि व्याख्याता के 54000 पदों में से 38000 पदों पर ही शिक्षक नियुक्त हैं। साथ ही 16000 पद खाली पड़े हुए हैं, जिसके ऊपर सरकार भर्ती करेगी। प्रशासनिक अधिकारी के 585 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा शारीरिक शिक्षक के करीब डेढ़ हजार पद, शारीरिक व्यायाम शिक्षक के 127 पद, स्थापना अधिकारी के 150 पदों पर भर्ती होगी।

थर्ड ग्रेड के 12 हजार पदों पर होगी भर्ती

गहलोत सरकार की तरफ से थर्ड ग्रेड के खाली पदों को लेकर आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। क्योंकि अभी फरवरी के अंत में रीट की परीक्षा का आयोजन होना है। इसके बाद खाली रहने वाले पदों पर थर्ड ग्रेड शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक रीट की भर्ती के बाद भी करीब 12000 थर्ड ग्रेड शिक्षक के पद खाली रहेंगे। ऐसे में थर्ड ग्रेड शिक्षक के 12000 पदों पर भर्ती होगी।

शिक्षकों के 17 हजार पदों को लेकर संशय

राजस्थान में उप प्रधानाचार्य के करीब 10,000 और प्रधानाचार्य के करीब 7000 पद खाली पड़े हैं। लेकिन इस पर नियुक्ति की प्रक्रिया कैसे रहेगी, इसको लेकर कुछ स्पष्टता नहीं है। अगर प्रमोशन के जरिए इन पदों को भरा गया तो शिक्षकों के पद और भी बढ़ाए जा सकते हैं।

Tags

Next Story