पोस्टर वार पर BJP का कांग्रेस पर करारा हमला, कहा-छिपकर पोस्टर जारी करना कांग्रेस की कायराना हरकत, थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की राजधानी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को अपमानित करने वाले पोस्टर लगाए जाने का कड़ा विरोध किया है। पार्टी ने इसे कांग्रेस की कायराना हरकत बताकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि एक ओर जब पूरा देश महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाकर उनके विचारों का अव्हान कर रहा है, तब दूसरी ओर कांग्रेस के लोग इस अवसर को विवादित करने की कुत्सित मानसिकता से ग्रस्त नजर आ रहे हैं।
राजधानी के विभिन्न स्थानों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का अपमान करने वाला गुमनाम पोस्टर लगाए जाने को कांग्रेस की करतूत बताते हुए भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने चुनौती दी कि कांग्रेस के नेताओं में नैतिक साहस हो, तो वे अपने नाम इन पोस्टर्स पर लिखवाएं और सामने आएं। पर्दे के पीछे से ऐसे खेल करने वालों को क्या कहा जाता है, यह बताने की आवश्यकता नहीं है।
यह तो निर्विवाद है कि महात्मा गांधी के प्रति समूचा देश सम्मान का भाव रखता है। भाजपा ने कभी महात्मा गांधी के प्रति कोई विवादित नजरिया नहीं रखा, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देश के अकेले ऐसे दुर्भाग्यशाली कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने गांधीजी की 150वीं जयंती को विवादित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि राजधानी में पोस्टर लगाकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के अपमान की कांग्रेसी.करतूत को पार्टी घोर निंदनीय और कुत्सित मानसिकता का परिचायक मानती है। हमने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और इसके लिए कानून के रास्ते ऐसी विकृत मानसिकता के खिलाफ संघर्ष करेंगे, ताकि भविष्य में कभी भी राष्ट्र के प्रतीक पुरुषों का इस तरह अपमान न हो सके।
कांग्रेसी कर रहे गांधी के विचारों और आदर्शों की हत्या
भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार ने जिस तरह महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की रचना कर उनका सफल क्रियान्वयन किया, वह भाजपा के उदारवादी सर्वसमावेशी राजनीतिक चिंतन का एक अनुपम उदाहरण है। भाजपा की इन्हीं उपलब्धियों से कुंठित कांग्रेस गांधीजी को राजनीति में घसीट रही है, इसके उलट गांधीजी के नाम पर वर्षों सत्ता सुख भोगने वाले कांग्रेसियों ने ही गांधी के विचारों और आदर्शों की हत्या का अपराध किया है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS