धान पर बवाल, भूपेश का आग्रह केंद्र में खारिज, अब कांग्रेस का दिल्ली कूच, 5 नवंबर से करेगी जिले और ब्लॉकों में प्रदर्शन

धान पर बवाल, भूपेश का आग्रह केंद्र में खारिज, अब कांग्रेस का दिल्ली कूच, 5 नवंबर से करेगी जिले और ब्लॉकों में प्रदर्शन
X
धान खरीदी की केंद्र सरकार की नीति के खिलाफ कांग्रेस ने आक्रामक रूख अपनाया है। कांग्रेसी नेता 13 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे और वहां 15 नवंबर को बड़ा प्रदर्शन होगा।

रायपुर। धान खरीदी की केंद्र सरकार की नीति के खिलाफ कांग्रेस ने आक्रामक रूख अपनाया है। कांग्रेसी नेता 13 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे और वहां 15 नवंबर को बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें किसान भी शामिल होंगे। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने रविवार को राजीव भवन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बैठक आयोजित हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने छत्तीसगढ़ का धान खरीदने से इनकार करने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत सरकार और राज्य सरकारों के बीच एक एमओयू हुआ था, उसमें दिए गए नियमों को दो साल तक शिथिल किया गया था। जिसके तहत किसानों को धान का बोनस दिया जा सकता है। अब इसमें छूट देने केंद्र तैयार नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने केंद्र से अनुरोध किया था, मैंने प्रधानमंत्री से इस संबंध में मिलने के लिए वक्त भी मांगा है। इतना ही नहीं मैंने खुद भी प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा है। केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों और किसानों से भी पीएम को पत्र लिखने आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर 5 नवंबर को सांसदों की मंत्रालय में बैठक भी बुलाई है।

जन-जन के बीच संदेश पहुंचाएंगे : पुनिया

प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जन.जन के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता 5 नवंबर से जनता के बीच जाएंगे। 5 से लेकर 12 नवंबर तक ब्लॉक और जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे हिंदुस्तान में केंद्र सरकार द्वारा धान खरीदी जाती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव के चलते केंद्र धान नहीं खरीदेगी, क्योंकि यहां ज्यादा दाम पर धान खरीद रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो किसानों पर कुठाराघात कर रही है, यह सबसे बड़ा मुद्दा है। प्रदेश सरकार किसानों को साथ है और उनके लिए हरसंभव काम करेंगे। श्री पुनिया ने कहा कि किसानों के साथ जो अन्याय हो रहा है, इसके लिए हम लोग 13 नवंबर को सड़क मार्ग से दिल्ली कूच करेंगे और दिल्ली में केंद्र सरकार के ऊपर दबाव बनाएंगे।

केंद्र की तरफ से जवाब आया है : चौबे

प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि केंद्र की तरफ से पत्र का जवाब आया है। केंद्र ने नकारात्मक जवाब देते हुए धान खरीदीपर असमर्थता जताई है। हम बड़ा आंदोलन करने जा रहे हैं, लड़ाई जारी रहेगी।

कोई बहाना नही चलेगा : भाजपा

धान खरीदी के लिए 13 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वादों से मुकरती दिख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गंगाजल की कसम खाकर कहा था कि कांग्रेस पार्टी घोषणापत्र के एक-एक वादे को पूरा करेगी, लेकिन लगातार धान खरीदी पर कांग्रेस सरकार की पैंतरेबाजी शक को जन्म दे रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2500 रुपए क्विंटल धान का समर्थन मूल्य कहकर वोट बटोरने वाली पार्टी अब गोलमोल बात कर रही है। कांग्रेस सरकार को अपने वादे के मुताबिक धान खरीदना पड़ेगा। पहले तारीख बढ़ाते हैं, फिर दिल्ली जाने की बात करते हैं। जनता को गुमराह करने की कोशिश में भूपेश बघेल व मंत्रिमंडल लगा हुआ है, यह उचित नहीं है।

सभी सांसदों से चर्चा कर सहमति बनाते : सोनी

भाजपा सांसद सुनील सोनी ने सांसदों की बैठक बुलाए जाने के संबंध में कहा कि हमें इसकी कोई सूचना नहीं है। अच्छा होता कि सभी सांसदों से पूछकर तिथि तय करते। फिलहाल इस संबंध में सांसदों से कोई चर्चा नहीं की गई है। मुख्यमंत्री यदि सांसदों को सम्मानपूर्वक बैठक में बुलाएंगे तो हमें जाने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे 5 और 6 नवंबर को दिल्ली में एक बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story