राज्योत्सव से दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने बनाई दूरी, सांसद सोनी आज जाएंगे, डॉ. रमन और जोगी को एक दिन पहले मिला आमंत्रण

राज्योत्सव से दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने बनाई दूरी, सांसद सोनी आज जाएंगे, डॉ. रमन और जोगी को एक दिन पहले मिला आमंत्रण
X
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पहले राज्योत्सव से पूर्व मुख्यमंंत्रियों डॉ. रमन सिंह और अजीत जोगी ने दूरी बना ली है। इन्हें एक दिन पहले ही आमंत्रण मिला, ऐसे में अपने तय कार्यक्रमों में जाना इन्होंने ज्यादा उचित समझा।

रायपुर। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पहले राज्योत्सव से पूर्व मुख्यमंंत्रियों डॉ. रमन सिंह और अजीत जोगी ने दूरी बना ली है। इन्हें एक दिन पहले ही आमंत्रण मिला, ऐसे में अपने तय कार्यक्रमों में जाना इन्होंने ज्यादा उचित समझा। डॉ. रमन जहां राजधानी रायपुर में ही पार्टी के कार्यक्रमों में रहे, वहीं अजीत जोगी अपने परिवार के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम में बिलासपुर में रहे। प्रदेश सरकार ने इस बार राज्योत्सव का कार्यक्रम वापस साइंस कॉलेज मैदान पर कराया है। इस बात को लेकर भी भाजपा.कांग्रेस में वार पलटवार हो चुका है। राज्योत्सव का उद्घाटन पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी करने वाली थीं, उनके न आने पर इसका उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और अजीत जोगी गए ही नहीं।

रमन रहे पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त

डॉ. रमन सिंह के कार्यालय से जानकारी दी गई कि उन्हें एक दिन पहले ही गुरुवार शाम को आमंत्रण मिला। कार्यालय के लोगों ने बताया, डॉ. रमन राज्योत्सव के कार्यक्रम में नहीं जा रहे हैं, उनके पहले से कार्यक्रम तय हैं। वे राजधानी में पार्टी के कार्यक्रमों में रहे। यह पहला मौका है, जब डॉ. रमन राज्योत्सव से अलग रहे। 15 साल तक सत्ता में रहने के कारण वे हमेशा से राज्योत्सव में मुख्यमंत्री होने के नाते प्रमुख रूप से शामिल रहे।

जोगी रहे बिलासपुर में

अजीत जोगी के कार्यालय के लोगों ने बताया, श्री जोगी के निवास पर भी एक दिन पहले ही गुरुवार को आमंत्रण पत्र आया। श्री जोगी का पहले से ही बिलासपुर में दीपावली मिलन में जाने का कार्यक्रम था। वे अपनी पत्नी रेणु जोगी के साथ गुरुवार की रात को ही बिलासपुर के लिए निकल गए थे। राज्योत्सव से जोगी परिवार पूरी तरह से दूर रहा।

सांसद सोनी आज जाएंगे

राज्योत्सव से ज्यादातर भाजपा नेताओं ने भी दूरी बना रखी है। रायपुर के सांसद सुनील सोनी का सांसद होने के नाते उद्घाटन कार्यक्रम वाले कार्ड में विशेष अतिथियों में नाम था, लेकिन वे पहले दिन नहीं गए। उन्होंने बताया, किसी कारणवश नहीं जा सके हैं, अब वे दो नवंबर को जाएंगे। इस दिन के कार्यक्रम में राज्यपाल अनुसुईया उइके मुख्य अतिथि तथा सांसद सुनील सोनी विशेष अतिथि हैं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story