आज दूसरे दिन ओडिशा के पास पहुंचे सीएस मंडल, कहा-छोटे किसानों को पहले दें टोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर मुख्य सचिव आर.पी. मंडल का लगातार आज दूसरे दिन भी प्रदेश के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मुख्य सचिव ने आज हेलीकॉप्टर से गरियाबंद जिले के ओडिशा राज्य से लगी सीमा में स्थित झाखरपारा धान खरीदी केन्द्र पहुंचे। उन्होंने यहां धान खरीदी के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार धान खरीदी का कार्य करने समिति प्रबंधक, तहसीलदार, एसडीएम एवं खाद्य अधिकारी को निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने वहां उपस्थित किसानों से बातचीत भी की और उन्हें धान खरीदी के लिए समिति की क्षमता अनुसार टोकन जारी करने एवं सभी वास्तविक किसानों से उनके पंजीकृत रकबे से 15 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदने का आश्वासन दिया। उन्होंने धान खरीदी हेतु टोकन जारी करने के लिए छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश के किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरा धान खरीदेगी। किसानों को समय पर भुगतान हो रहा है। धान खरीदी के संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों से वे दूर रहें। यदि जरूरत पड़ी तो धान खरीदी का समय और खरीदी किस्तों की संख्या भी बढ़ायी जाएगी। धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था को चाक-चौबंद करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं, जिसके तहत मुख्य सचिव अधिकारियों के दल के साथ दो दिन से प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर वहां के खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
मुख्य सचिव ने गत नौ दिसम्बर को राजनांदगांव जिले के चिरचारी, कवर्धा जिले के रेंगाखार, मुंगेली जिले के पंडरभट्टा, बिलासपुर जिले के कोटा-पिपरसरई-भरारी-नेवरा, जांजगीर-चांपा जिले के चारपारा स्थित धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीधे किसानों से बातचीत कर धान खरीदी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
श्री मंडल ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के पंजीयन तथा भुगतान के संबंध में दर्ज की जा रही ऑनलाईन जानकारी भी देखी। रेंगाखार में किसान ने बताया कि मोबाइल में पैसे खाते में जमा होने का मैसेज आया है। पंडरभट्टहा मुंगेली में वयोवृद्ध किसान भी वहां पर टोकन पर धान बेचते मिले। मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों को खरीदी केन्द्रों से अधिक से अधिक धान का उठाव मिलरों द्वारा कराए जाने के लिए मिलिंग योजना बनाने के निर्देश भी दिए हैं। इस अवसर पर खाद्य विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मार्कफेड की प्रबंध संचालक शम्मी आबिदी सहित जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS