सीएम भूपेश बघेल ने वर्तमान राष्ट्रवाद पर साधा निशाना, कहा - ये कैसा राष्ट्रवाद जिसमें लोगों को कुचला जा रहा है

रायपुर। महात्मा गांधी की 150 जयंती के मौके पर विधानसभा में आज विशेष सत्र का आयोजन किया गया है। इस मौके पर अपनी बात रखते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पूरी दुनिया आज बापू को नमन कर रही है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ एक ऐसा प्रदेश है, जिसने सत्र आहुत किया है। उन्होंने कहा कि जब हम गांधी को याद करते हैं तो उस परंपरा को भी याद करते हैं जिसपर चलकर उन्होंने आजादी की लडाई लड़ी। वे अच्छे लेखक, अच्छे विचारक और अच्छे संगठक थे। सीएम ने कहा कि गांधी जी ने अनेकांतवाद को महत्व दिया, दूसरों की बात को भी सुना और समझा। गांधीजी ने जेल में सूत कातने यहां तक चप्पल बनाने का काम भी किया और उन्हें भेंट किया जिन्होंने उन्हें सजा दी। अपने सजा देने वाले के प्रति भी प्रेम और सहानुभूति रखने की भावना गांधीजी की थी। सीएम ने कहा कि हर वह काम जो आम लोग करते थे, वह उन्होंने शुरू किया और उसे सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।
वर्तमान राष्ट्रवाद पर निशाना -
सीएम ने कहा कि आज जिस राष्ट्रवाद की बात की जा रही है, उसमें राष्ट्र कुचला जा रहा है, लोग पिस रहे हैं, यह कैसा राष्ट्रवाद है। लेकिन आज गांधीजी को बदनाम करने, इतिहास बदलने की कोशिश की जा रही है, लेकिन आज 150 साल बाद भी गांधी प्रासंगिक हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण परमहंस ने गरीब, पिछड़ों और उपेक्षितों में भगवान के दर्शन करने की बात कही और इसे गांधीजी ने अंगीकार किया। सीएम ने कहा कि दो विचारधाराएं देश में थीं, एक का प्रतिनिधित्व गांधीजी करते थे और दूसरे का प्रतिनिधित्व गोड़से ने किया। आज गांधीजी की जयजयकार होती है तो गोड़से के विचारधारा की भर्त्सना भी होनी चाहिए।
पांच नई योजनाओं की शुरुआत
इस मौके पर पांच नई योजनाओं की शुरुआत भी की गई। जिसमें मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय और यूनिवर्सल पीडीएस स्कीम शामिल है।
सीएम ने कहा कि मैं यह भी घोषणा करता हूं कि नक्सल हिंसा से पीड़ित परिवारों को सरकार मकान बनाकर देगी। इसके साथ ही प्रभुदत्त खेड़ा के नाम से पुरस्कार दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश की तरह यहां भी गांधी भवन बनेगा।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS