कांग्रेस ने भाजपा पर कसा तंज, कहा- अपने सांसद को तो नोटिस दे दिया और किस-किस का मुंह बंद करोगे

रायपुर। कांकेर सांसद मोहन मंडावी द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करने पर भाजपा नेतृत्व द्वारा उन्हें नोटिस दिए जाने को कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की खीझ बताया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेतृत्व किस-किस को नोटिस भेजेगा। आज पूरा छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके कार्य, कौशल की तारीफ कर रहा है। श्री शुक्ला ने कहा कि भाजपा के वे कार्यकर्ता और नेता, जो छत्तीसगढ़ से प्यार करते हैं। उन्हें भी अब यह महसूस होने लगा है कि छत्तीसगढ़ का भविष्य और राज्य का विकास श्री बघेल के कुशल नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
राज्य बनने के 19 साल बाद पहली बार राज्य के लोगों को ऐसा लग रहा है कि उनकी सरकार का मुखिया उनका अपना है, जो राज्य के उन्नति के साथ राज्य की संस्कृति के भी संरक्षण पर भी ध्यान दे रहे हैं। किसान खुश हैं कि उनकी फसल का पूरा दाम मिल रहा है। धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा गया। किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के द्वार खोल दिए गए। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा सामान्य वर्ग सभी को अनुपातिक प्रतिनिधित्व देने के लिए संवैधानिक प्रावधान किए गए। राज्य के लोगों को पहली बार ऐसा लग रहा कि सरकार उनके लिए काम कर रही है। हर आदमी को सरकार तक अपनी पहुंच होने का अहसास हो रहा।
पूर्ववर्ती सरकार द्वारा आम आदमी को परेशान करने की नीयत से बनाए गए जबरिया कानूनों में सुधार किया गया। श्री शुक्ला ने कहा कि सरकार लोगों के काम में अवरोध पैदा करने के लिए नियम नहीं बना रही, लोगों के विकास के रास्ते खोज रही है। यह संवेदनशील प्रशासन एक जननायक ही दे सकता है।
आत्म अवलोकन करें रमन
अवसर तो रमन सिंह को भी मिला था पूरे पंद्रह साल तक। इन पंद्रह सालों में वे अपने कुनबे और चंद चाटुकारों के हितों की रक्षा में लगे रहे। वे चाहते तो जनसेवा के इस अवसर का भूपेश बघेल के समान उपयोग करते, पर रमन अपनी जननायक की छवि नहीं बना पाए तो इसमें उनका अपना दोष है। आज यदि भाजपा के सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जननायक बता रहे हैं, तब रमन सिंह खीझने और बौखलाने के बजाय आत्म अवलोकन करें। जवाबदार सरकार तो नहीं चला पाए, कम से कम जिम्मेदार विपक्ष के नेता तो बन जाएं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS