कांग्रेस नेत्री व विधायक प्रभारी को रेवड़ी की तरह बांट दी जनसंर्पक निधि की राशि

कांग्रेस नेत्री व विधायक प्रभारी को रेवड़ी की तरह बांट दी जनसंर्पक निधि की राशि
X
एक और प्रदेश मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में अपनी सरकार के 6 महीने के कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश की जनता को अपनी उपलब्धि बताते नहीं थक रहे।

कोरिया। एक और प्रदेश मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में अपनी सरकार के 6 महीने के कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश की जनता को अपनी उपलब्धि बताते नहीं थक रहे। वहीं दूसरी ओर प्रदेश की दूसरी विधानसभा मनेंद्रगढ़ के विधायक द्वारा जनसंपर्क निधि से बांटे जाने वाली राशि का मनमानी वितरण चर्चा का विषय बना हुआ है।

विधानसभा चुनाव 6 माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में मनेंद्रगढ़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी को क्षेत्र की जनता ने इस विश्वास के साथ विजयी बनाया था कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख के सहभागी बनेंगे। मनेंद्रगढ़ विधानसभा विकास की ओर अग्रसर होगा, लेकिन लोगों को क्या पता था कि विधायक बनने के बाद विधायक जी फिर पुराने ढर्रे पर चलने लगेंगे।

पुलिस चौकियों में प्रभारी नियुक्त करने व दर्जनभर विधायक प्रभारी बनाने के बाद मनेन्द्रगढ़ विधायक विनय जायसवाल फिर विवादों में है। विधायक विनय जायसवाल इस बार विधायक जनसंपर्क निधि की बंदरबाट करने के कारण सुर्खियों में हैं। विधायक द्वारा जनसंपर्क निधि की राशि का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है।

विधायक ने अपने विधायक प्रभारी और कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता को जनसंपर्क निधि की राशि बांट दी है। इसमें सरकारी राशि व्यय करने में शासन के निर्देशों की भी अनदेखी की जा रही है। विधायक विनय जायसवाल ने ने महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता को जनसंर्पक निधि बांट दी। सूची में ऐसे नाम हैं जो धनाढय वर्ग से हैं और उन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत ही नहीं है।

विधायक प्रभारी, कांग्रेस नेत्री को दी राशि

महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष व विधायक विनय जायसवाल द्वारा महिला बाल विकास विभाग में बनाई गई विधायक प्रभारी सगुफ्ता बख्श को 20 हजार रुपए की राशि जनसंपर्क निधि से शिक्षा हेतु दी गयी है। जबकि सगुफ्ता बख्श कही अध्यनरत नही है। इतना ही नही सगुफ्ता बख्श के पति एसईसीएल कर्मचारी है। विधायक ने महिला कांग्रेस नेत्री ब्लाक कांग्रेस महामंत्री रूमा चटर्जी को भी 10000 रुपये की आर्थिक सहायता दी है। रूमा चटर्जी महिला कांग्रेस कार्यकर्ता है। इनके पति रेलवे कर्मचारी है।

कांग्रेस के कार्यक्रम और समाज के लिए पैसा

आईएनएच ने जब विधायक जनसंर्पक निधि से राशि पाने वाली महिला कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। शिक्षा के नाम पर 20 हजार रुपए की राशि पाने वाली महिला कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष ने बताया कि विधायक ने मुझे नहीं कांग्रेस पार्टी को पैसा दिया है। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस का महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ था। जिसमें जिले के तीनों कांग्रेसी विधायक शामिल हुए थे उस कार्यक्रम में जो पैसा लगा था उसी के लिए दिया गया था। अब सवाल यह उठता है कि किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम के लिए सरकारी पैसे क्यों दिए गए। वहीं जनसंर्पक निधि से आर्थिक सहायता के तौर पर 10 हजार रुपए की राशि पाने वाली ब्लाक कांग्रेस रुमा चटर्जी ने बताया कि वह बंगाली समुदाय से आती है और बंगाली समाज के कार्यक्रम के लिए मुझे पैसे दिए गए थे। दोनों महिला नेत्रियों ने बताया कि अभी तक उन्हें राशि नहीं मिली है और हमें राशि का इंतजार है।

क्या है जनसंपर्क निधि

गरीब या जरूरतमंदों को आकस्मिक आर्थिक मदद के लिए विधायकों को स्वेच्छानुदान व जनसंपर्क निधि जारी करने का अधिकार दिया गया है। विधायक इसका इस्तेमाल जरूरतमंदों के लिए कर सकते हैं। इसके अलावा खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न क्लबों व मंडलियों को उनके नाम से निधि जारी करने का अधिकार दिया गया है।

सत्ता का दुरुपयोग

विधायक सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। जिन पैसों पर गरीबों का हक है वह कांग्रेस पदाधिकारियों को दिया जा रहा है। पद का दुरुपयोग करने में विधायक कोई कसर नहीं छोड़़ रहे है।

- धर्मेंद्र पटवा, जिला कोषाध्यक्ष, भाजपा

मुझे अभी पैसा नहीं मिला

मुझे विधायक विनय जायसवाल ने कहा था कि आप बंगाली समाज को कार्यक्रम के लिए 11 हजार रुपए दे दीजिए मैं आपको दे दूंगा। मुझे अभी तक मेरा पैसा नहीं मिला है।

- रुमा चटर्जी, महामंत्री, ब्लाक कांग्रेस

कोई गलत नहीं

मैंने नियम के अनुसार जरूरतमंद को पैसा दिया है। कोई गलत नहीं है। - विनय जायसवाल, विधायक मनेन्द्रगढ़

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story