32 साल बाद परिवार से मिली महिला, सब्जी बेचने जाते वक्त हो गई थी लापता

दुर्ग। अगर कोई व्यक्ति 32 साल पहले अचानक लापता हो जाए और उसे फिर से उसका परिवार मिल जाए, इसे चमत्कार न सही संयोग तो कहा ही जा सकता है। ऐसा ही एक वाक्या दुर्ग जिले में घटित हुआ है। 32 साल पहले लापता हुई एक महिला पुलिस के सहयोग के चलते अपने परिजनों से पुन: मिल सकी। जब महिला गायब हुई थी तो उसका बेटा महज 8 साल का था अब वह 40 साल का हो चुका है। मां के मिलने से अब उसकी खुशी का ठिकाना नहीं है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में केरल के त्रिशूर स्थित शासकीय मनोचिकित्सा केंद्र में न्यायालय के आदेश पर एक 65 वर्षीया महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
उपचार के बाद महिला के स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उसने अस्पताल कर्मियों को बताया था कि वह छत्तीसगढ़ के नारधा जालबांधा क्षेत्र की रहने वाली है। उसने अपना नाम केजा बाई और अपने पति का नाम पकलू बताया था। इसकी सूचना अप्रैल 2019 में केरल पुलिस से छत्तीसगढ़ पुलिस को मिली। नारधा व जालबांधा के दुर्ग जिला से लगे होने के कारण पुलिस मुख्यालय में दुर्ग पुलिस को महिला के परिजनों को ढूंढने का जिम्मा सौंपा। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इसमें सफलता नहीं मिल पा रही थी। दुर्ग पुलिस द्वारा बोरी के साथ ही राजनांदगांव जिले के जालबांधा व घुमका पुलिस को भी महिला के संबंध में जानकारी देकर उसके परिजनों की पतासाजी के लिए कहा गया था। इस बीच यह भी जानकारी आई की महिला अपनी पुत्री का नाम रत्ना बता रही है।
इस आधार पर बोरी पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में यह पता साजी की गई कि रत्ना नाम की किस महिला की मां का नाम केजाबाई है। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली। पता चला कि राजनांदगांव जिले के ग्राम बिजेतला की रत्ना नाम की महिला का नाम केजा बाई है। रत्ना के संबंध में पता चला कि उसका विवाह ग्राम परपोड़ी में हो चुका है और उसका एक भाई मोहित है। तब पुलिस ने रत्ना और मोहित से संपर्क कर उसके मां के संबंध में पतासाजी की।
तब ज्ञात हुआ कि उनकी मां का नाम केजाबाई है। उसका मायके अहिवारा थाना अंतर्गत ग्राम बानबरद है। 1980 के आसपास उसने ग्राम बिजेतला के बालाराम पटेल से शादी की थी। 1987-88 में बालाराम की मृत्यु के उपरांत वह सब्जी का व्यवसाय करती थी। इस बीच वह सब्जी बेचने जाल बांधा जाने के नाम पर घर से निकली थी, जो नहीं लौटी। लंबे समय तक उसका कोई खोज खबर नहीं मिलने पर परिजन उसे मृत मानकर चल रहे थे। मोहित के द्वारा केजाबाई के अपनी मां होने की पुष्टि के बाद पुलिस उसे लेकर केरल गई और वहां से उसे लेकर लौट रही है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS