दिल्ली सरकार ने पहले दिन हजारों सार्वजनिक सेवा वाहनों को किया सेनेटाइज

कोरोना वायरस से निपटने के लिए दिल्ली सरकार अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है। सोमवार को घोषणा के अनुरूप मंगलवार से दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक सेवा वाहनों जैसे ऑटो रिक्सा , ग्रामीण सेवा, मैक्सी कैब, इको-फ्रेंडली सेवा आदि को निशुल्क सेनेटाइज करना शुरू कर दिया है। यह काम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुआ। इसमें 1182 ऑटो -रिक्शा और 194 ई-रिक्शा शामिल हैं।
दिल्ली के सभी डीटीसी और क्लस्टर बस डिपो में दो शिफ्टों में यह काम किया जा रहा है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक है, जबकि दूसरी पाली शाम 4:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक है। सरकार सेनेटाइज के बाद वाहनों को सर्टिफिकेट आॅफ डिस-इन्फेक्शन भी जारी कर रही है। सरकार की तरफ से पहले से ही मेट्रो और डीटीसी व क्लस्टर सेवा की सभी बसों को सेनेटाइज किया जा रहा है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत व्यक्तिगत रूप से इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सार्वजनिक परिवहन के सभी साधनों को सेनेटाइज किया जाएगा। हम आने वाले दिनों में इस तरह के सार्वजनिक सेवा वाहनों को और बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। सरकार ने सलाह दी है कि हर किसी को अपने वाहन को हर दिन सेनेटाइज करना चाहिए, हालांकि यह सेवा सभी के लिए अनिवार्य नहीं है।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार अपनी डीटीसी और क्लस्टर बसों के साथ-साथ मेट्रो का भी दैनिक आधार पर सेनेटाइज कर रही है। सभी आईएसबीटी को भी रोजाना कीटाणुरहित किया जा रहा है, विशेष रूप से प्लेटफार्मों और सामान्य सतहों जैसे हाथ की रेलिंग, सीटें आदि।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS