कड़ी सुरक्षा के बीच दंगा प्रभावित इलाकों में मनाई जायेगी होली

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान ज्यादा प्रभावित होने वाले इलाकों में होली का त्योहार थोड़ा फीका नजर आया। चांदबाग, शिव विहार, नूर ए इलाही व खजूरी खास इलाकों में होलिका पूजन और दहन वाली जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। दिल्ली पुलिस के अवाला अर्द्धसैनिक बल के जवानों को इलाकों में तैनात किया गया है।
पुलिस ड्रोन से भी इलाकों में नजर बनाये रखे हुए है।पुलिस व अर्द्धसैनिक बल को जाफराबाद, ब्रह्मपुरी, खजूरी खास, चांद बाग, गोकुलपुरी, शिव विहार, सोनिया विहार, बाबरपुर, यमुना विहार और कर्दमपुरी इलाके में ज्यादा सतर्क रहने की लिए कहा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के धारा 144 पहले से लागू है। पुलिस बाइक से छोटी-छोटी गलियों में भी पेट्रोलिंग कर लोगों पर नजर रख रही है। जगह-जगह एसएचओ लोगों के साथ बैठकर शांति बनाये रखने के लिए मीटिंग कर रहे हैं। किसी भी अनचाही घटना पर तुरंत एक्शन लिया जायेगा।
दंगा प्रभावित इलाकों का हाल
घोंडा चौक : बच्चे एक दूसरे को रंग लगाते आये नजर
हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने घोंडा चौक पर करीब 15 वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। यहां कई दिनों तक कर्फ्यूू जैसा माहौल रहा। बाद में यहां स्थानीय पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। सोमवार दोपहर घोंडा चौक पर सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं होलिका पूजन करने पहुंची। बच्चे भी एक-दूसरे को रंग लगाते नजर आये। इलाके में दुकानें भी खुली थी। स्थानीय निवासी महेंद्र ने बताया कि लोग यहां पूरे उत्साह के साथ होली मना रहे है, लेकिन हिंसा से लोगों के दिलों में थोड़ी उदासी है।
शिव विहार : नहीं खुली रंग, गुलाल वाली कोई दुकान
शिव विहार में उपद्रवियों ने करीब 300 से अधिक दुकानों व मकानों में आगजनी की थी। इसके अलावा यहां कई हत्याएं भी हुई। सोमवार दोपहर को यहां दूर-दूर तक रंग, गुलाल व पिचकारी वाली कोई दुकान खुली नहीं दिखी। तिराहे पर पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात थे। वहीं, करावल नगर रोड पर दो दुकानें खुली थी। यहां भी दुकानदार खाली बैठे थे। दुकानदार मनीष का कहना है कि होली से पूर्व ही यहां लोगों की भीड़ लगने लग जाती थी, लेकिन हिंसा की वजह से माहौल शांत है।
शेरपुर चौक : लोग खरीदारी करते आए नजर
शेरपुर चौक पर दंगे के दौरान लोगों ने करीब 100 से अधिक वाहनों को जलाकर खाक कर दिया। यहां ज्यादातर दुकानें खुली मिली। लोग दुकानों से खरीदारी भी कर रहे थे। स्थानीय निवासी सुभाष ने बताया कि पहले के मुकाबले इस साल भीड़ थोड़ी कम है। दंगे के बाद से अधिकांश लोग अभी घर नहीं लौटे हैं।
चांदबाग : लोगों को सता रहा माहौल खराब होने का डर
चांदबाग में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया था। यहां आईबी कांस्टेबल अंकित शर्मा की भी हत्या हुई थी। मुख्य सड़क पर दो-तीन दुकानें खुली थी और यहां लोगों की भीड़ भी कम थी। स्थानीय निवासी नमित गुप्ता ने बताया कि लोग अपने घरों में होली की तैयारियां कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार वह बाहर निकलकर होली मनाने से परहेज कर रहे हैं। लोगों के दिल में डर है कि होली पर माहौल खराब हो सकता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS