बदमाशों ने सिपाही को मारी गोली, होमगार्ड के जवान को पीटा

नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 थाना एरिया में सोमवार तड़के चोरी करते पकड़े जाने पर बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के सिपाही को गोली मार दी। गोली सिपाही के मुंह पर मारी गई। इस दौरान सिपाही के साथ मौजूद रहे होमगार्ड के जवान पर भी हमला किया गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों का द्वारका के ही वेंकटेश्वर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये बाद में एक एनकाउंटर में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक को गोली भी लगी है।
डीसीपी अन्टो अल्फोंस के अनुसार यह घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे सामने आई। सिपाही राजीव और दिल्ली होमगार्ड का जवान अजय पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान भरथल गांव के पास एल एंड टी की साइट गेट नंबर 5 और 6 पर मौजूद गार्ड ने बताया कि कुछ बदमाशों ने अंदर घुसने की कोशिश की थी। उसने रोकने की कोशिश की थी तो बदमाश फायर कर फरार हो गये। सिपाही व होमगार्ड का जवान मौके पर पहुंचे और बदमाशों को आसपास तलाशना शुरू कर दिया।
इसी दौरान एक प्लॉट में कुछ हलचल दिखाई दी। दोनों वहां पहुंचे और बदमाशों को सरेंडर करने को कहा। इसके बाद चार बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। एक को दबोच लिया गया तो उसके तीनों साथी वापस आये और साथी को छुड़ाने के मकसद से सिपाही राजीव पर फायर कर दिया। डीएचजी अजय के सिर पर भी भारी चीज से वार किया गया। सिपाही ने मुंह पर गोली लगने के बाद भी साहस दिखाया और बदमाशों पर फायर किया। लोकल पुलिस ने इस संबंध में दो केस दर्ज किये
एक साइट के गार्ड और दूसरा पुलिसकर्मी पर हमले के संबंध। मामले की गंभीरता को देखते हुये लोकल थाने व स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम तुरंत हरकत में आई और पूरे जिले में मैसेज फ्लैश कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस को वारदात वाली जगह के पास एक तिपहिया वाहन भी खड़ा मिला था। उसके जरिये पुलिस ने कुछ बदमाशों को उठाया। एक संदिग्ध मोटर साइिकल दोपहर 12 बजे गोल्फ लिंक रोड, सेक्टर-23 इलाके में दिखाई दी।
उस पर दो लोग सवार थे। मोटर साइकिल छावला की तरफ से आई थी। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पीछे बैठे शख्स ने दो राउंड फायर किये। एक गोली एएसआई महेश की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी जिससे वह बच गया। दूसरे पुलिसकर्मी ने फायर किया जिसमें एक गोली बदमाश की कमर के नीचे लगी और दोनों बदमाशों को दबोच लिया गया। इनके नाम मो. अली और मो. सुल्तान अली पता चले हैं। दोनों गुरुग्राम क्षेत्र के फरूख नगर स्थित धनकोट गांव के रहने वाले हैं। उसे राव तुलाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दोनों बदमाशों का रहा है पुराना इतिहास
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल इनके आठ केस में शामिल होने का पता चला है। बदमाश इससे पहले भी दो बार पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर चुके हैं। 2014 में द्वारका में ही हेडकांस्टेबल सोना राम व दिल्ली होमगार्ड के जवान रमेश पर इन्होंने फायरिंग की थी। इस घटना में सोना राम स्थायी अपंगता का शिकार होना पड़ा था। 2009 में पालम में इन्होंने बीएसईएस लूट की कोशिश की थी। इस दौरान जब पुलिस ने इन्हें ललकारा था तो हेडकांस्टेबल कृष्ण कुमार को गोली मार दी थी। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देशी कट्टे, दो कारतूस, एक मोटर साइकिल व एक तिपहिया वाहन जब्त किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS