टिकट कटने से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष, किया प्रदर्शन

दिल्ली ने भाजपा की 57 सीटों पर उम्मीदवार तो चुनावी मैदान में उतार दिये। लेकिन बाकी 13 सीटों में से कुछ पर मुख्य दावेदारों के नाम कटने की संभावना है। जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता घर व कार्यालय पर प्रदर्शन करने लगे हैं।
टिकट बंटवारे से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री व दिल्ली के चुनाव प्रभारी जय प्रकाश नड्डा के घर के बाहर जमकर हंगामा किया। बताया जाता है कि दिल्ली में भाजपा के बंटवारे के बाद पार्टी के भीतर ही कई नेता बगावत पर उतर गए है। टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं ने पहली लिस्ट जारी होने के बाद से ही बगावत शुरू कर दी है।
दिल्ली छावनी से पूर्व विधायक करण सिंह तंवर के समर्थक इसलिए नाराज हैं क्योंकि दावा किया जा रहा है कि तंवर की जगह किसी अन्य उम्मीदवार को यहां से टिकट दिया जाएगा। वहीं गांधीनगर सीट को आप के बागी विधायक अनिल वाजपेयी काे देने के बाद कार्यकर्ताओं ने दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
भाजपा के लिए बन सकते हैं मुसीबत
भाजपा ने 57 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। वहीं इस बार 26 नेताओं के टिकट काटे हैं। इसमें से भाजपा दिल्ली के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और रिठाला सीट से तीन बार के विधायक रहे कुलवंत राणा का नाम प्रमुख तौर पर गिनाया जा रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी से पद छोड़कर आये गुगन सिंह रंगा को बवाना से टिकट मिलना था।
इसके अलावा तिमारपुर से प्रो. रजनी अब्बी, बादली से राजेश यादव, सुल्तानपुर माजरा से प्रभु दयाल, मंगोलपुरी (अनुसूचित जाति) सीट से सुरजीत, त्रिनगर से नंदकिशोर, वहीं मॉडल टाउन से विवेक गर्ग की जगह पार्टी ने केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे और आप के बागी कपिल मिश्रा को टिकट दिया है।
इसी तरह से सदर बाजार से प्रवीन जैन, बल्लीमरान से श्याम लाल, लक्ष्मीनगर से बी बी त्यागी, गांधी नगर से जितेंद्र चौधरी, सीलमपुर से संजय जैन, घोंडा से अजय महावत का टिकट कटा है। पटेल नगर, जनकपुरी, उत्तम नगर, पालम, जंगपुरा, मालवीय नगर, अंबेड़कर नगर, ग्रेटर कैलाश, कोंडली और पटपड़गंज विधानसभा सीटों पर भी पार्टी ने चेहरे बदल दिए हैं। हालांकि अभी 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा बाकी है तभी सीटों की स्थिति साफ हो पाएगी और इसके बाद भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती है ।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS