ईवीएम में गड़बड़ी की अफवाह फैलाने की कोशिश, केस दर्ज

ईवीएम में गड़बड़ी की अफवाह फैलाने की कोशिश, केस दर्ज
X
विधानसभा चुनाव के बिगुल बजने के बाद राजधानी में अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया है। ईवीएम में गड़बड़ी का मामला सामने आया है ।

विधानसभा चुनाव के बिगुल बजने के बाद राजधानी में अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया है। सब्जी मंडी इलाके में ईवीएम (एलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। एक शख्स ने ट्विटर पर पोस्ट कर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत की। पुलिस की माने तो इस शख्स ने इससे पहले भी यह मुद्दा अधिकारियों के सामने उठाया था। इस पर अधिकारियों ने उसके समझ दिया था और वह संतुष्ट भी हो गया था।

इसके बाद भी उसने यह वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर डाल दी। जैसे ही वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में आई तो उसने वीडियो डिलीट कर दी। रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने मामले की सूचना पुलिस को दी। डीसीपी (नॉर्थ) मोनिका भारद्वाज ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने गैर-संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को आरओ ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि इलाके में ईवीएम से जुड़ो मुद्दों को लेकर जागरूकता फैलाई जा रही है। लोगों के मन में कोई शंका न रहे, इसलिए डमी के तौर पर उनसे वोट भी डलवाई जा रही है। शुक्रवार को मल्कागंज इलाके में भी यही प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान एक शख्स ने तीन वोट डाले, लेकिन गिनती करने पर वह पांच निकले। इस पर लोगों के मन में आशंका मिटने के बजाए बढ़ने लगी।

अधिकारियों ने बताया कि दो वोट पहले भी पड़ी थी। उन्हें भी जोड़कर लोगों के सामने रखा गया था। इस पूरी प्रक्रिया का शख्स वीडियो भी बना रहा था। इसकी सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद टीम के अधिकारी ने सबके सामने दोबारा से वोटिंग कराई और गिनती करने पर वह सही निकली। इसके बाद लोगों के मन की शंका दूर हूई, लेकिन आरोपी ने अपने पास की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ईवीएम में गड़बड़ी की अफवाह फैलाने की कोशिश की। शिकायत के बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Tags

Next Story