निर्भया कांड के आरोपियों को कभी जान से मारने का ख्याल नहीं आया- पूर्व पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार

निर्भया कांड के आरोपियों को कभी जान से मारने का ख्याल नहीं आया- पूर्व पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार
X
नीरज कुमार शुक्रवार को हैदराबाद एनकाउंटर के संदर्भ में बात कर रहे थे, जिसमें वेटरनरी डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मार दी थी।

निर्भया दुष्कर्म मामले की जांच करने वाले दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने कहा कि मेरे जेहन में कभी भी आरोपियों को जान से मारने का ख्याल नहीं आया। नीरज कुमार शुक्रवार को हैदराबाद एनकाउंटर के संदर्भ में बात कर रहे थे, जिसमें वेटरनरी डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मार दी थी।

16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में निर्भया दुष्कर्म केस सामने आया था। 23 साल की पैरामेडिकल छात्रा के साथ चलती बस में गैंगरेप हुआ था और दोषियों ने उसके साथ अमानवीय तरीके से मारपीट की थी। छात्रा ने 29 दिसंबर 2012 को दम तोड़ दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में मुकेश, पवन, विनय और अक्षय को फांसी की सजा सुनाई थी।

गैरकानूनी काम करने का सवाल ही नहीं उठता- नीरज कुमार

नीरज कुमार ने कहा- जब निर्भया केस सामने आया था, तब बड़ा ही मुश्किल वक्त था। उस वक्त हम पर बहुत दबाव था, लेकिन आरोपियों को मारने का ख्याल कभी भी नहीं आया। हमें संदेश मिलते थे। हमसे कहा जाता था कि आरोपियों को भूखे शेरों के सामने फेंक दो। किसी ने कहा था कि भीड़ के सामने उन्हें नपुंसक बना दिया जाए। किसी ने कहा कि उन्हें भीड़ को ही सौंप दो, लेकिन हम अपने कर्तव्य के साथ खड़े रहे। किसी भी तरह का गैरकानूनी काम करने का सवाल ही नहीं उठता था।

हैदराबाद के मामले पर जनता की नजर थी

हैदराबाद में हुए एनकाउंटर पर कुमार ने कहा कि हर एनकाउंटर के बाद सवाल उठते हैं। हैदराबाद में हुआ एनकाउंटर किसी गैंगस्टर या आतंकवादी का नहीं था। यह एक ऐसा मामला था, जिस पर लोग नजर रख रहे थे। वास्तव में क्या हुआ था, इसके खुलासे के लिए न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हमें यह जानने के लिए इंतजार करना होगा कि एनकाउंटर न्यायोचित था या नहीं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story